‘आइए बात करते हैं, पर साथ में बड़ा गैस सिलेंडर लाना!’ ट्रंप पर बोमन ईरानी का तीखा तंज!

पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और अमेरिका-ईरान के बीच जारी कड़वाहट के बीच बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता बोमन ईरानी ने अपने अनोखे अंदाज में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की चुटकी ली है। ट्रंप के ‘ईरानियों’ से बात करने वाले बयान पर बोमन ईरानी ने एक ऐसा मजाकिया वीडियो पोस्ट किया है, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है। गंभीर वैश्विक राजनीति को हास्य के तड़के के साथ पेश करने का बोमन का यह अंदाज लोगों को बेहद पसंद आ रहा है।
दरअसल, डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में कहा था कि वह शांति स्थापित करने के लिए ‘ईरानियों’ (Iranians) के साथ चर्चा करना चाहते हैं। इसी शब्द को पकड़कर बोमन ने मजाकिया वीडियो बनाया। उन्होंने कहा कि उनके लिए ‘ईरानी’ का मतलब सिर्फ तीन लोग हैं— वे खुद, स्मृति ईरानी और अरुणा ईरानी। बोमन ने मजाकिया लहजे में कहा कि अगर ट्रंप इन्हीं ईरानियों से बात करना चाहते हैं, तो वे शांति के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
बोमन ने ट्रंप को वॉशिंगटन के बजाय मुंबई आने का न्योता दिया। उन्होंने कहा, “ट्रंप साहब, आप अपनी टीम के साथ मुंबई की दादर पारसी कॉलोनी आ जाइए। यहाँ हम मिलकर पारसी डिश ‘धानसाक’ और ‘कस्टर्ड’ खाएंगे।” लेकिन असली तंज वीडियो के अंत में था, जब बोमन ने कहा कि अगर ट्रंप आते समय एक ‘बड़ा गैस सिलेंडर’ साथ लाएं, तो चीजें और आसान हो जाएंगी। गैस सिलेंडर वाली यह टिप्पणी सीधे तौर पर वैश्विक ऊर्जा संकट और ट्रंप की नीतियों पर एक बड़ा कटाक्ष मानी जा रही है।
सोशल मीडिया पर यह वीडियो आग की तरह फैल गया है। कई बॉलीवुड हस्तियों ने बोमन की कॉमेडी टाइमिंग को ‘एपिक’ बताया है। संवेदनशील अंतरराष्ट्रीय मुद्दों के बीच बोमन ईरानी का यह हल्का-फुल्কা अंदाज न केवल मनोरंजन कर रहा है, बल्कि एक गहरा व्यंग्य भी छोड़ रहा है।