‘रामनवमी पर हिंसा हुई तो चुनाव आयोग और BJP होंगे जिम्मेदार!’ बीरभूम में ममता बनर्जी का बड़ा बयान

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने रामनवमी के दौरान राज्य में संभावित अशांति को लेकर भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला है। बीरभूम के दुबराजपुर में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए ममता ने स्पष्ट किया कि यदि रामनवमी के दौरान कोई भी अप्रिय घटना होती है, तो उसके लिए तृणमूल कांग्रेस नहीं, बल्कि चुनाव आयोग और भाजपा जिम्मेदार होंगे।
आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल ममता बनर्जी ने कहा, “चूंकि चुनाव घोषित हो चुके हैं, इसलिए पुलिस और प्रशासन अब आयोग के नियंत्रण में हैं। मेरे पास फिलहाल कोई शक्ति नहीं है। मैंने रामनवमी पर अपना कोई कार्यक्रम नहीं रखा है, ताकि कोई मुझ पर उंगली न उठा सके।” उन्होंने भाजपा को ‘भ्रष्ट तपस्वी’ करार देते हुए कहा कि जो लोग देश बेच रहे हैं, वे बड़ी-बड़ी बातें कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने SIR सूची को लेकर भी आयोग को घेरा।
बीरभूम की अंदरूनी खींचतान सभा के दौरान मंच पर अनुब्रत मंडल की सक्रियता दिखी, लेकिन जिले के कद्दावर नेता काजल शेख की अनुपस्थिति ने चर्चाओं को जन्म दे दिया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर कहा गया कि काजल शेख अपने निर्वाचन क्षेत्र ‘हांसन’ में प्रचार कर रहे हैं, लेकिन राजनीतिक विश्लेषक इसे पार्टी के भीतर पुराने और नए नेतृत्व के बीच के टकराव के रूप में देख रहे हैं। ममता ने जनता से अपील की कि वे इस बार भाजपा को ‘बेपटरी’ (बेलाइन) कर दें।