क्या फिर लगेगा लॉकडाउन? ममता बनर्जी के दावों से मचा हड़कंप, मोदी सरकार ने दिया करारा जवाब!

पश्चिम एशिया में जारी युद्ध के कारण उत्पन्न हुए ईंधन और गैस आपूर्ति संकट पर चर्चा करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक महत्वपूर्ण वर्चुअल बैठक करेंगे। हालांकि, इस बैठक से पहले ही बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोलकर सियासी गलियारों में हलचल तेज कर दी है। ममता बनर्जी ने आशंका जताई है कि केंद्र सरकार ईंधन संकट की आड़ में एक बार फिर देश में लॉकडाउन लगाने की योजना बना रही है।

ममता बनर्जी ने कड़े शब्दों में कहा, “पेट्रोल के दाम बढ़ा दिए गए हैं और अब अलर्ट किया जा रहा है। इनके अलर्ट का मतलब हम समझते हैं। क्या फिर से लॉकडाउन करके लोगों को घरों में कैद करने की तैयारी है? इन्होंने लोगों की नोट बंदी की, वोट बंदी की और अब क्या घर बंदी करेंगे?” उन्होंने आगे कहा कि अगर कोविड के दौरान हम लड़ सकते हैं, तो किसी भी स्थिति का सामना करने के लिए हम तैयार हैं। मुख्यमंत्री के इस बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए केंद्रीय पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने स्पष्ट किया कि देश में लॉकडाउन की कोई योजना नहीं है और ऐसी बातें फैलाना गैर-जिम्मेदाराना और हानिकारक है।

प्रधानमंत्री मोदी ने स्थिति को गंभीर बताते हुए कहा है कि पेट्रोल, डीजल और उर्वरकों की आपूर्ति बाधित हो सकती है, जो भारत के लिए चिंता का विषय है। चुनाव आचार संहिता के कारण पश्चिम बंगाल सहित पांच चुनावी राज्यों के मुख्यमंत्रियों को इस बैठक से बाहर रखा गया है, लेकिन उन राज्यों के मुख्य सचिव इस चर्चा में शामिल होंगे। विपक्ष इस पूरी स्थिति के लिए मोदी सरकार की नीतियों को जिम्मेदार ठहरा रहा है, जिससे आगामी चुनावों से पहले केंद्र और राज्यों के बीच टकराव और बढ़ गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *