वीडियो कॉल पर अब नहीं होगी दूरी! चीन की ‘किसिंग मशीन’ से दूर बैठे पार्टनर को भेजें असली चुंबन

लॉन्ग डिस्टेंस रिलेशनशिप में रहने वाले कपल्स के लिए सबसे बड़ी कमी शारीरिक स्पर्श और अपने साथी के करीब होने के अहसास की होती है। वीडियो कॉल पर चेहरा तो देखा जा सकता है, लेकिन स्पर्श मुमकिन नहीं था। अब इसी कमी को पूरा करने के लिए चीन के एक स्टार्टअप ‘Siweifushe’ ने एक अनोखा डिवाइस पेश किया है, जिसका नाम है— ‘MUA’। यह एक ऐसी तकनीक है जिसके जरिए दूर बैठे दो लोग एक-दूसरे को ‘असली’ जैसा चुंबन भेज सकते हैं।

यह डिवाइस स्मार्टफोन के चार्जिंग पोर्ट से जुड़ जाता है। इसमें सामने की तरफ नरम सिलिकॉन से बने कृत्रिम होंठ लगे होते हैं। जब एक यूजर इन सिलिकॉन होंठों पर किस करता है, तो अंदर लगे सेंसर उस किस के दबाव, गति और तीव्रता को रिकॉर्ड कर लेते हैं। ब्लूटूथ और ऐप के जरिए यह जानकारी तुरंत दूसरे शहर या देश में मौजूद पार्टनर के डिवाइस तक पहुंच जाती है। जब पार्टनर अपने डिवाइस के सिलिकॉन होंठों को छूता है, तो उसे वही अहसास, दबाव और यहां तक कि होंठों की प्राकृतिक गर्मी भी महसूस होती है।

इस आविष्कार के पीछे बीजिंग फिल्म अकादमी के छात्र झाओ जियानबो की अपनी विरह गाथा है। कोरोना लॉकडाउन के दौरान अपनी प्रेमिका से न मिल पाने के कारण उन्होंने कुछ ऐसा बनाने का सोचा जो स्पर्श का अहसास दिला सके। लॉन्च होने के महज दो हफ्तों के भीतर ही 3,000 से ज्यादा लोग इसे खरीद चुके हैं और 20,000 से अधिक ऑर्डर कतार में हैं। भारतीय मुद्रा में इसकी कीमत लगभग 2,200 रुपये है। तकनीक के इस रूप को लेकर सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ी है, लेकिन प्रेमी जोड़ों के लिए यह किसी जादू से कम नहीं है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *