“बंगाल की गैस बाहर नहीं जाएगी!” एलपीजी संकट पर ममता बनर्जी की केंद्र को दो-टूक चेतावनी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बार फिर केंद्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। शुक्रवार को अंडाल रवाना होने से पहले कोलकाता हवाई अड्डे पर मीडिया से बात करते हुए उन्होंने रसोई गैस की आपूर्ति और मतदाता सूची को लेकर तीखे हमले किए। ममता ने साफ कर दिया कि बंगाल में उत्पादित होने वाली रसोई गैस पर पहला हक यहां की जनता का है।
हल्दिया प्लांट पर नजर मुख्यमंत्री ने एलपीजी सिलेंडर की संभावित कमी पर चिंता जताते हुए कहा, “हल्दिया में जो गैस उत्पादन होता है, उसे बंगाल से बाहर नहीं भेजा जाना चाहिए।” उन्हें डर है कि चुनाव के दौरान अधिकारियों के तबादले का फायदा उठाकर केंद्र इस गैस को दूसरे राज्यों में शिफ्ट कर सकता है। उन्होंने कहा कि चुनाव ड्यूटी के लिए बाहर से आने वाले जवानों और कर्मियों के कारण बंगाल के आम नागरिकों को गैस की किल्लत नहीं होनी चाहिए।
वोटर लिस्ट और लोकतंत्र ममता बनर्जी ने सप्लीमेंट्री वोटर लिस्ट को लेकर भी केंद्र पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि जानबूझकर नाम काटे जा रहे हैं। उन्होंने चुनाव आयोग को चुनौती देते हुए कहा, “अगर हिम्मत है तो पूरी लिस्ट सार्वजनिक करें। हम नाम वापस जुड़वाने के लिए लोगों को कानूनी सहायता प्रदान करेंगे।”
बाल-बाल बचीं मुख्यमंत्री कल की घटना को याद करते हुए ममता ने अपने विमान के पायलट की जमकर तारीफ की। गौरतलब है कि गुरुवार को खराब मौसम के कारण उनका विमान करीब डेढ़ घंटे तक हवा में फंसा रहा था। मुख्यमंत्री ने कहा, “पायलट बहुत काबिल था, उसने हमारी जान बचाई।”