गर्मियों की छुट्टियों में पहाड़ों का सफर हुआ आसान! कोलकाता-NJP के बीच चलेगी समर स्पेशल ट्रेन!

गर्मियों की शुरुआत होते ही उत्तर बंगाल और दार्जिलिंग जाने वाले पर्यटकों की भीड़ बढ़ने लगी है। ट्रेनों में बढ़ती वेटिंग लिस्ट को देखते हुए पूर्व रेलवे ने यात्रियों को बड़ी राहत दी है। रेलवे ने कोलकाता और न्यू जलपाईगुड़ी (NJP) के बीच ‘ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेन’ (Summer Special Train) चलाने का फैसला किया है। यह ट्रेन मई के मध्य से शुरू होगी, जिससे गर्मियों की छुट्टियों में पहाड़ों की सैर करने वालों को काफी सुविधा होगी।
ट्रेन का समय और शेड्यूल रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 03129 कोलकाता – न्यू जलपाईगुड़ी स्पेशल 16 मई 2026 से 13 जून 2026 तक हर शनिवार को चलेगी। यह ट्रेन कोलकाता स्टेशन से रात 11:40 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 10:45 बजे न्यू जलपाईगुड़ी पहुंचेगी।
वापसी में, गाड़ी संख्या 03139 न्यू जलपाईगुड़ी – कोलकाता स्पेशल 17 मई 2026 से 14 जून 2026 तक हर रविवार को दोपहर 12:45 बजे NJP से खुलेगी और उसी रात 12:40 बजे कोलकाता पहुंचेगी। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन कुल 5-5 चक्कर लगाएगी।
इन स्टेशनों पर होगा ठहराव यह विशेष ट्रेन अपने मार्ग में नैहाटी, बैंडेल, नबद्वीप धाम, कटवा, अजीमगंज, जंगीपुर रोड और मालदा टाउन स्टेशनों पर रुकेगी। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में जनरल सेकंड क्लास, स्लीपर क्लास और वातानुकूलित (AC) कोच की व्यवस्था की गई है। टिकटों की बढ़ती मांग को देखते हुए यात्रियों को जल्द से जल्द बुकिंग करने की सलाह दी गई है।