ममता का केंद्र पर तीखा प्रहार, उधर बीरभूम में अपनों ने ही खोला मोर्चा; सिउड़ी में भावुक हुए मतदाता

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए देश में बढ़ती महंगाई और टैक्स नीति पर गंभीर सवाल उठाए हैं। शुक्रवार को एक बयान में उन्होंने कहा, “दाम घटाने की बात करने से पहले यह देखिए कि बढ़ाया कितना है? इन्होंने पहले ही कीमतों में हजार प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है।” मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि हजारों प्रतिशत दाम बढ़ाने के बाद मामूली उत्पाद शुल्क (Excise Duty) घटाने से आम जनता को कोई राहत नहीं मिलने वाली है। ममता बनर्जी का यह बयान उस समय आया है जब राज्य में चुनावी सरगर्मियां तेज हैं।

बीरभूम में टीएमसी के लिए असहज स्थिति एक तरफ ममता बनर्जी केंद्र को घेर रही हैं, वहीं दूसरी ओर बीरभूम के सिउड़ी में पार्टी को अपने ही घर में विरोध का सामना करना पड़ा। सिउड़ी विधानसभा से भाजपा उम्मीदवार जगन्नाथ चटर्जी जब सिउड़ी नगर पालिका के वार्ड नंबर 18 के हाटजन बाजार इलाके में चुनाव प्रचार करने पहुंचे, तो वहां एक चौंकाने वाली घटना घटी। उस बूथ के टीएमसी अध्यक्ष रवि साहा की मां, शांतारानी साहा, भाजपा उम्मीदवार को देखते ही फफक-फफक कर रो पड़ीं।

बेटे ने कहा- मां का मानसिक संतुलन ठीक नहीं शांतारानी साहा ने भाजपा उम्मीदवार के सामने वर्तमान राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के खिलाफ अपना कड़ा गुस्सा जाहिर किया। एक सक्रिय टीएमसी कार्यकर्ता की मां का इस तरह सार्वजनिक रूप से रोना और सरकार को कोसना तृणमूल कांग्रेस के लिए बड़ी फजीहत का कारण बन गया है। हालांकि, स्थिति को संभालते हुए टीएमसी बूथ अध्यक्ष रवि साहा ने कहा कि उनकी मां की मानसिक स्थिति ठीक नहीं है और इसे राजनीतिक रंग नहीं दिया जाना चाहिए। लेकिन भाजपा ने इसे राज्य सरकार के खिलाफ जनता के वास्तविक आक्रोश का प्रतीक बताया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *