“तुम मेरी पार्वती हो…”! नशीली दवा पिलाकर महिला से ‘संगम’ की जिद, पाखंडी बाबा की काली करतूत

महाराष्ट्र के पालघर और पुणे जिले से रूह कंपा देने वाली एक घटना सामने आई है, जहां आध्यात्मिकता की आड़ में एक पाखंडी साधु ने महिला की अस्मत लूट ली। आरोपी ऋषिकेश वैद्य ने खुद को भगवान शिव का अवतार और 35 वर्षीय पीड़िता को अपनी ‘पार्वती’ बताकर नशीली दवा पिलाई और उसके साथ दुष्कर्म किया। इतना ही नहीं, आरोपी ने आपत्तिजनक तस्वीरें खींचकर महिला को लंबे समय तक ब्लैकमेल भी किया।
सोशल मीडिया पर बुना था जाल पुलिस के अनुसार, पुणे की रहने वाली महिला की मुलाकात 2023 की शुरुआत में फेसबुक के जरिए ऋषिकेश से हुई थी। आरोपी ने खुद को ‘आमची वसई’ नामक एक सामाजिक संगठन का प्रमुख और आध्यात्मिक गुरु बताया था। दिसंबर 2023 में, आरोपी महिला को पुणे के मांजरी इलाके के एक लॉज में ले गया, जहां उसे नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोश कर दिया और रेप की वारदात को अंजाम दिया।
तस्वीरें दिखाकर करता रहा ब्लैकमेल आरोपी ने दुष्कर्म के दौरान महिला की आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो बना लिए थे। इन्हीं के दम पर वह महिला को बार-बार डराता और शारीरिक शोषण करता रहा। मई 2024 में भी उसने वसई के एक होटल में महिला के साथ फिर से बदसलूकी की। सामाजिक बदनामी के डर से पीड़िता चुप थी, लेकिन हाल ही में नासिक के एक अन्य पाखंडी साधु अशोक खरात की गिरफ्तारी की खबर ने उसे हिम्मत दी।
पुलिस की कार्रवाई और फरार आरोपी पीड़िता ने बुधवार को वसई के माणिकपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। चूंकि घटना पुणे में हुई थी, इसलिए पुलिस ने ‘जीरो एफआईआर’ दर्ज कर मामला पुणे के हडपसर थाने को सौंप दिया है। फिलहाल ऋषिकेश वैद्य फरार है और पुलिस की कई टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं। पुलिस को अंदेशा है कि इस ढोंगी बाबा ने आध्यात्म के नाम पर और भी कई महिलाओं को अपना शिकार बनाया होगा।