भुखमरी या बीमारी? एक महीने की बच्ची की मौत पर मचा बवाल, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा

उत्तर प्रदेश के बरेली के किला कैंट इलाके से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक महीने की मासूम बच्ची की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है। आरोप है कि भूख और देखरेख की कमी के कारण बच्ची ने दम तोड़ दिया। हालांकि, पोस्टमार्टम की शुरुआती रिपोर्ट में बीमारी और संक्रमण (Infection) का जिक्र किया गया है।
मजबूरी की दास्तां बच्ची के पिता मोहम्मद शादाब और मां हिना अपने दो अन्य बच्चों के साथ शुक्रवार सुबह भीख मांगने निकले थे। घर में एक महीने की बच्ची अकेली थी। शाम को जब वे लौटे, तो बच्ची बेसुध पड़ी थी। शादाब पहले पतंग की डोर बनाने का काम करते थे, लेकिन कोरोना काल में काम छिन जाने के बाद वे सड़क पर आ गए और भीख मांगकर गुजारा करने लगे।
पुलिस की जांच जारी स्थानीय लोगों का दावा है कि बच्ची की मौत भूख के कारण हुई है, जबकि पुलिस का कहना है कि बच्ची लंबे समय से बीमार थी। शादाब इस घटना के बाद अपना किराए का घर छोड़कर चले गए हैं। प्रशासन अब इस बात की जांच कर रहा है कि क्या बच्ची की मौत के पीछे केवल गरीबी थी या किसी तरह की लापरवाही।