अभिषेक बनर्जी की सभा में मची भगदड़! भाषण खत्म होते ही मंच पर लगी भीषण आग, बाल-बाल बचे नेता

पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के लाभपुर में शुक्रवार को तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी (Abhishek Banerjee) की जनसभा के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। अभिषेक बनर्जी के मंच से उतरकर निकलने के कुछ ही मिनटों बाद सभा के मुख्य मंच पर अचानक भीषण आग लग गई। इस घटना से वहां मौजूद हजारों कार्यकर्ताओं के बीच अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

कैसे हुआ हादसा? शुक्रवार दोपहर लाभपुर के मां फुल्लरा मेला मैदान में तृणमूल उम्मीदवार अभिजीत सिंह के समर्थन में एक चुनावी रैली आयोजित की गई थी। अभिषेक बनर्जी ने मंच से लगभग 40 मिनट तक जनता को संबोधित किया। जैसे ही वह अपना संबोधन समाप्त कर सभा स्थल से रवाना हुए, वैसे ही मंच के ऊपरी हिस्से से आग की लपटें निकलने लगीं।

धुएं के गुबार में घिरा मंच: प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, अभिषेक के जाते ही मंच के एक कोने में आग की चिंगारी देखी गई, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। काले धुएं के गुबार ने पूरे मंच को अपनी चपेट में ले लिया। सभा में मौजूद भारी भीड़ के बीच भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, लेकिन गनीमत रही कि उस समय मंच पर कोई बड़ा नेता मौजूद नहीं था।

दमकल की मुस्तैदी: सभा स्थल पर सुरक्षा कारणों से तैनात दमकल कर्मियों ने तुरंत मोर्चा संभाला। दमकल की गाड़ियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए कुछ ही समय में आग पर पूरी तरह काबू पा लिया, जिससे एक बड़ी तबाही होने से बच गई।

प्रारंभिक जांच में दमकल विभाग और प्रशासन का मानना है कि आग लगने की मुख्य वजह शॉर्ट सर्किट हो सकती है। हालांकि, पुलिस मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच कर रही है। इस घटना के बाद कुछ समय के लिए इलाके में तनाव बना रहा, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *