Mann Ki Baat: युद्ध के साये में 1 करोड़ भारतीय सुरक्षित! पीएम मोदी ने खाड़ी देशों का जताया आभार, पेट्रोल-डीजल पर कही ये बात

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 132वें एपिसोड में पश्चिम एशिया के तनावपूर्ण हालातों पर चर्चा की। पीएम ने अमेरिका, इजरायल और ईरान के बीच बढ़ते संघर्ष और हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) के बंद होने से उपजे वैश्विक संकट पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि मार्च का महीना पूरी दुनिया के लिए उथल-पुथल भरा रहा है।
खाड़ी देशों को दिया धन्यवाद: प्रधानमंत्री ने विशेष रूप से खाड़ी देशों में रह रहे लगभग 1 करोड़ भारतीयों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा, “हमारे लाखों परिवार के सदस्य खाड़ी देशों में काम कर रहे हैं। भारतीय नागरिकों को हर संभव सहायता प्रदान करने के लिए मैं इन देशों की सरकारों का तहे दिल से शुक्रिया अदा करता हूं।” पीएम ने आश्वासन दिया कि वहां मौजूद भारतीय सुरक्षित हैं और सरकार उनके संपर्क में है।
ईंधन संकट और अफवाहों से बचें: युद्ध के कारण देश में पेट्रोल और डीजल की कमी की आशंकाओं पर पीएम मोदी ने देशवासियों को भरोसा दिलाया कि भारत इस स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें। पीएम ने जोर देकर कहा, “संकट के समय में हमें एकजुट रहना होगा। केवल आधिकारिक और सरकारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि 140 करोड़ भारतीय मिलकर इस वैश्विक चुनौती को पार कर लेंगे।