डोनाल्ड ट्रंप की ईरान को ‘विनाश’ की चेतावनी! बोले—हॉर्मुज जलडमरूमध्य नहीं खुला तो नक्शे से मिटा देंगे तेल और बिजली केंद्र

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ अब तक का सबसे कड़ा रुख अपनाते हुए उसे ‘मुकम्मल तबाही’ की चेतावनी दी है। ट्रंप ने सोमवार को दो टूक कहा कि अगर ईरान तुरंत हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) को व्यापार के लिए नहीं खोलता और वाशिंगटन के साथ समझौता नहीं करता, तो अमेरिका ईरान के महत्वपूर्ण ठिकानों को जमींदोज कर देगा।
ट्रंप की सीधी धमकी और ‘खारग द्वीप’ का जिक्र: अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर एक पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि हालांकि बातचीत में कुछ प्रगति हुई है, लेकिन समय तेजी से निकल रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर ईरान ने अपनी नीतियां नहीं बदलीं, तो अमेरिका उसके तेल क्षेत्रों, बिजली संयंत्रों और रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण ‘खारग द्वीप’ (Kharg Island) को पूरी तरह नष्ट कर देगा। ट्रंप ने यह भी संकेत दिया कि अब तक जिन वाटर डिसेलिनेशन प्लांट्स (जल शोधन केंद्रों) को निशाना नहीं बनाया गया था, वे भी अब अमेरिकी मिसाइलों की जद में होंगे। ट्रंप ने इसे पिछले 47 वर्षों में ईरान द्वारा मारे गए अमेरिकी कर्मियों का “बदला” करार दिया है।
सैन्य तैनाती और कूटनीतिक गतिरोध: क्षेत्र में पहले से ही 2,500 अमेरिकी मरीन तैनात हैं और अतिरिक्त सेना भेजने की प्रक्रिया जारी है। ट्रंप ने खारग द्वीप पर कब्जा करने की संभावना भी जताई है। दूसरी ओर, ईरान ने अमेरिका के साथ किसी भी सीधी बातचीत से इनकार किया है। ईरानी संसद के अध्यक्ष मोहम्मद बाघेरी कलीबाफ ने अमेरिकी प्रस्तावों को “तर्कहीन और अवास्तविक” बताया है। हालांकि, दबाव में आकर ईरान ने सोमवार को हॉर्मुज जलडमरूमध्य से 20 तेल टैंकरों को गुजरने की अनुमति दी है, लेकिन युद्ध का खतरा अभी भी बरकरार है।