सावधान! मार्केट में आया नकली WhatsApp; एक गलती और आपका पूरा फोन हो जाएगा हैक, मेटा ने दी चेतावनी

अगर आप भी व्हाट्सएप का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। मेटा (Meta) ने हाल ही में एक सनसनीखेज खुलासा किया है कि बाजार में ‘नकली व्हाट्सएप’ (Fake WhatsApp) तेजी से फैल रहा है। हैकर्स ने असली ऐप जैसा दिखने वाला एक क्लोन तैयार किया है, जिसे डाउनलोड करते ही आपके स्मार्टफोन का पूरा एक्सेस साइबर अपराधियों के पास पहुंच जाता है।
मेटा की इंजीनियरिंग टीम के अनुसार, इटली के ‘Asigint’ नामक एक हैकिंग ग्रुप ने इस खतरनाक स्पाइवेयर को बनाया है। ये हैकर्स विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और मैसेजिंग ऐप्स के जरिए नकली व्हाट्सएप डाउनलोड करने के लिंक भेज रहे हैं। अब तक आईफोन और एंड्रॉइड के लगभग २०० से अधिक यूजर्स इस हमले का शिकार हो चुके हैं। इस नकली ऐप का मकसद यूजर्स के प्राइवेट चैट्स, पासवर्ड्स और बैंकिंग जानकारी को चोरी करना है।
मेटा ने तत्काल कार्रवाई करते हुए प्रभावित अकाउंट्स को डिसेबल (Disable) कर दिया है और उन यूजर्स को सूचित किया है जिनकी सुरक्षा खतरे में है। कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह खतरा केवल उन लोगों के लिए है जिन्होंने थर्ड-पार्टी लिंक से नकली ऐप इंस्टॉल किया है। व्हाट्सएप का ओरिजिनल वर्जन पूरी तरह सुरक्षित है। मेटा इस मामले में दोषी ग्रुप को कानूनी नोटिस भेजने की भी तैयारी कर रहा है।
साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि यूजर्स को अनजान लिंक से कोई भी ऐप डाउनलोड करने से बचना चाहिए। मेटा ने हाल ही में एक ‘स्कैम प्रोटेक्शन टूल’ भी लॉन्च किया है जो संदिग्ध लिंक को पहचानने में मदद करता है। किसी भी ऐप को हमेशा आधिकारिक Google Play Store या Apple App Store से ही अपडेट या डाउनलोड करें ताकि आपकी प्राइवेसी बरकरार रहे।