गांधी हत्या से लेकर बाबरी ध्वंस तक— संजय दत्त की ‘आखरी सवाल’ क्या इतिहास के दबे राज खोलेगी?

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता संजय दत्त एक बार फिर पर्दे पर ऐसा धमाका करने जा रहे हैं, जो देश की राजनीति और इतिहास के गलियारों में बहस छेड़ देगा। उनकी आगामी फिल्म ‘आखरी सवाल’ का टीजर रिलीज हो चुका है। राष्ट्रीय पुरस्कार विजेता निर्देशक अभिजीत मोहन वारंग द्वारा निर्देशित यह फिल्म उन संवेदनशील सवालों को उठाने का साहस करती है, जिनका जवाब भारत की युवा पीढ़ी दशकों से तलाश रही है।

फिल्म की कहानी ‘विक्की’ नाम के एक जिद्दी और प्रतिभाशाली छात्र के इर्द-गिर्द घूमती है। जब उसका शोध पत्र (Thesis) खारिज कर दिया जाता है, तो वह अपने गुरु प्रोफेसर गोपाल नाडकर्णी पर पक्षपात का आरोप लगाता है। एक शैक्षणिक विवाद से शुरू हुई यह लड़ाई जल्द ही नेशनल टेलीविजन पर एक बड़ी बहस का रूप ले लेती है। फिल्म के माध्यम से महात्मा गांधी की मृत्यु के बाद लगाए गए प्रतिबंधों से लेकर बाबरी मस्जिद विध्वंस जैसे ज्वलंत और ऐतिहासिक मुद्दों पर गंभीर सवाल खड़े किए गए हैं।

फिल्म में संजय दत्त के साथ अमित साध, नमशी चक्रवर्ती, समीरा रेड्डी, नीतू चंद्रा और त्रिधा चौधरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। निखिल नंदा मोशन पिक्चर्स के बैनर तले बनी इस फिल्म का संगीत मोंटी शर्मा ने दिया है और गीत प्रख्यात कवि कुमार विश्वास ने लिखे हैं। ‘आखरी सवाल’ के टीजर को हनुमान जयंती के शुभ अवसर पर लॉन्च किया गया है, जिसने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया है। यह फिल्म ८ मई को सिनेमाघरों में दस्तक देगी। क्या विक्की का ‘आखरी सवाल’ किसी छिपे हुए सच को उजागर करेगा या सब कुछ तहस-नहस कर देगा?

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *