ममता को बड़ी राहत! TMC उम्मीदवारों के नाम वोटर लिस्ट से थे गायब, चुनाव आयोग ने किया बड़ा फैसला

पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव से ठीक पहले सियासी हलचल अपने चरम पर पहुंच गई है। सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए गुरुवार की शाम बड़ी राहत लेकर आई। दरअसल, टीएमसी के कई दिग्गज उम्मीदवारों के नाम मतदाता सूची में नहीं थे, जिससे उनकी उम्मीदवारी पर संकट के बादल मंडरा रहे थे। लेकिन चुनाव आयोग द्वारा जारी सातवीं पूरक सूची (Supplementary List) के बाद अब गुलाम रब्बानी, स्वाति खंदकार, शीर्षान्या बंद्योपाध्याय और अनिसुर रहमान जैसे सभी उम्मीदवारों के नाम लिस्ट में शामिल कर लिए गए हैं।
चुनाव आयोग के अनुसार, अब तक लगभग 49,62,850 शिकायतों का निपटारा किया जा चुका है। जिन लोगों के नाम अभी भी शामिल नहीं हुए हैं, उनके लिए विशेष ट्रिब्यूनल बनाने की तैयारी चल रही है। राज्य चुनाव आयोग का कहना है कि 60 लाख विचाराधीन मतदाताओं में से 80% का निपटारा हो चुका है।
इस बीच, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के 15 दिवसीय बंगाल दौरे पर राजनीति गरमा गई है। टीएमसी ने अमित शाह को ‘पर्यटक’ करार देते हुए उन पर तंज कसा है। पार्टी ने सोशल मीडिया पर शाह का स्वागत करते हुए उन्हें बंगाल के प्रसिद्ध व्यंजन जैसे ‘इल्विश भापा’, ‘चिंगरी मलाई करी’ और ‘कसा मांस’ चखने की सलाह दी है। मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने पुरुलिया की सभा से भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा लोगों की खान-पान की आदतों को नियंत्रित करना चाहती है। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि जो लोग सड़कों पर मछली और मांस बेचकर अपनी आजीविका चलाते हैं, भाजपा उनके पेट पर लात मार रही है। बंगाल की संस्कृति और भोजन पर छिड़ी यह जंग अब चुनाव का मुख्य मुद्दा बनती जा रही है।