सिर्फ ८ लाख नाम बाकी! ममता के विरोध और मालदा हिंसा के बीच चुनाव आयोग ने पकड़ी रफ्तार

पश्चिम बंगाल में ‘विशेष गहन संशोधन’ (SIR) प्रक्रिया के तहत वोटर लिस्ट को लेकर जारी खींचतान के बीच चुनाव आयोग (ECI) ने राहत भरी खबर दी है। आयोग द्वारा गुरुवार रात जारी आठवीं सूची के अनुसार, कुल ६० लाख विचाराधीन मामलों में से ५२ लाख का निपटारा कर दिया गया है। अब केवल ८ लाख नाम शेष बचे हैं, जिन्हें ६ अप्रैल को नामांकन की अंतिम तिथि से पहले पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस आठवीं लिस्ट में करीब ३ लाख नए नामों का निपटारा किया गया है। सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार, ७०५ न्यायिक अधिकारी लगातार इन फाइलों की जांच कर रहे हैं। गौरतलब है कि २३ मार्च को पहली पूरक सूची जारी होने के बाद से यह प्रक्रिया काफी तेज हुई है। हालांकि, इन ५२ लाख लोगों में से कितने वोटरों के नाम काटे गए और कितने शामिल हुए, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सार्वजनिक नहीं की गई है।
दूसरी ओर, इस प्रक्रिया को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्र के बीच टकराव बना हुआ है। ममता बनर्जी का आरोप है कि इस प्रक्रिया के जरिए असली मतदाताओं के नाम लिस्ट से हटाए जा रहे हैं। इसी मुद्दे को लेकर मालदा में जजों को बंधक बनाने की घटना हुई थी, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने सीबीआई जांच के आदेश दिए हैं। कल से सीबीआई इस मामले की कमान संभालेगी। चुनाव आयोग का दावा है कि वह पूरी पारदर्शिता के साथ काम कर रहा है और समय सीमा के भीतर सभी विसंगतियों को दूर कर लिया जाएगा।