“मोदी से डरते हैं राघव चड्ढा!” आम आदमी पार्टी का अपने ही सांसद पर बड़ा हमला, छिड़ा गृहयुद्ध

आम आदमी पार्टी (AAP) और राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के बीच का विवाद अब अपने चरम पर पहुंच गया है। राज्यसभा के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा के वीडियो संदेश ने आग में घी डालने का काम किया है। शुक्रवार को आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनुराग ढांडा ने राघव चड्ढा पर सीधा हमला करते हुए आरोप लगाया कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोलने से डर रहे हैं। अरविंद केजरीवाल की पार्टी में इस तरह का सार्वजनिक टकराव पहले कभी नहीं देखा गया।
“समोसे की राजनीति” पर तंज: अनुराग ढांडा ने राघव की बहादुरी पर सवाल उठाते हुए कहा, “हम केजरीवाल के निडर सिपाही हैं, लेकिन राघव, पिछले कुछ समय से आप बहुत डरे हुए लग रहे हैं। आपको मोदी के खिलाफ बोलने में डर लगता है।” पार्टी ने संसद में राघव की भूमिका को लेकर भी तीखा कटाक्ष किया। आप का कहना है कि संसद में बोलने का समय बहुत सीमित होता है, जिसे देश बचाने के लिए इस्तेमाल किया जाना चाहिए। अनुराग ने तंज कसते हुए कहा, “उस कीमती समय में हम या तो देश के लिए लड़ सकते हैं या फिर एयरपोर्ट की कैंटीन में ‘समोसे’ के दाम कम करने पर चर्चा कर सकते हैं!”
पार्टी लाइन से हटने के आरोप: पार्टी ने राघव चड्ढा के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए हैं। दावा किया गया है कि जब गुजरात में आप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, तब राघव ने संसद में चुप्पी साधे रखी। इसके अलावा, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पार्टी के प्रस्ताव पर उन्होंने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया। यही नहीं, जब पूरी पार्टी ने विरोध में संसद से वॉकआउट किया, तब राघव अपनी सीट पर बैठे रहे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राघव चड्ढा और आम आदमी पार्टी के रास्ते अब लगभग अलग हो चुके हैं।