AAP में आर-पार! राघव चड्ढा पर बरसे अनुराग ढांडा, पूछा- मोदी के खिलाफ बोलने में क्यों कांप रही है रूह?

आम आदमी पार्टी और राघव चड्ढा के बीच चल रहा मनमुटाव अब खुलेआम युद्ध में बदल चुका है। राज्यसभा के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा को अब अपनी ही पार्टी के तीखे हमलों का सामना करना पड़ रहा है। आप के राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनुराग ढांडा ने राघव पर सीधा प्रहार करते हुए कहा है कि वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ बोलने से डर रहे हैं।

अनुराग ढांडा ने राघव की बहादुरी पर सवाल उठाते हुए कहा, “हम अरविंद केजरीवाल के सिपाही हैं, और निडरता हमारी पहचान है। लेकिन राघव, पिछले कुछ समय से तुम डरे हुए लग रहे हो। तुम्हें मोदी के खिलाफ बोलने में डर लगता है। देश के गंभीर मुद्दों पर आवाज उठाने की तुम्हारी हिम्मत जवाब दे गई है।” उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि जो नेता मोदी से डर गया, वह देश की लड़ाई क्या खाक लड़ेगा?

संसद में राघव की प्राथमिकताओं पर सवाल उठाते हुए ढांडा ने कहा कि पार्टी को सदन में बहुत कम समय मिलता है। उन्होंने कहा, “उस सीमित समय में हम या तो देश को बचाने की बात कर सकते हैं, या फिर एयरपोर्ट की कैंटीन में समोसे की कीमत कम करने पर चर्चा कर सकते हैं।” यह कटाक्ष सीधे तौर पर राघव चड्ढा की कार्यशैली पर था।

पार्टी ने राघव पर अनुशासनहीनता के भी आरोप लगाए हैं। बताया गया कि जब गुजरात में आप कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया, तब राघव चुप रहे। मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ प्रस्ताव पर उन्होंने हस्ताक्षर करने से मना कर दिया और पार्टी के वॉकआउट के दौरान भी वे अपनी सीट पर बैठे रहे। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि राघव और केजरीवाल की राहें अब अलग होने की कगार पर हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *