कालियाचक कांड का मुख्य आरोपी मोफक्कारुल इस्लाम? सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने मचाई खलबली

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले के कालियाचक में मतदाता सूची (Voter List) से नाम हटाए जाने को लेकर स्थिति तनावपूर्ण हो गई है। SIR मुद्दे पर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। आक्रोशित भीड़ ने बीडीओ (BDO) कार्यालय का घेराव किया और वहां मौजूद सरकारी अधिकारियों के साथ बदसलूकी की। उपद्रवियों ने कई जगहों पर आगजनी की, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
इस पूरी हिंसा के पीछे मुख्य सूत्रधार के रूप में मोफक्कारुल इस्लाम का नाम सामने आ रहा है। फिलहाल सोशल मीडिया पर मोफक्कारुल का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कथित तौर पर लोगों को हिंसा के लिए उकसाते हुए नजर आ रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन ने जांच तेज कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मतदाता सूची में गड़बड़ी की शिकायतों के बाद भीड़ बेकाबू हो गई और सरकारी दफ्तरों को निशाना बनाया गया। जिला प्रशासन ने साफ कर दिया है कि सरकारी काम में बाधा डालने और अधिकारियों पर हमला करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस अब वायरल वीडियो की सत्यता की जांच कर रही है और हिंसा में शामिल अन्य उपद्रवियों की पहचान करने में जुटी है। चुनाव से ठीक पहले मालदा में हुई इस हिंसा ने कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।