“ओ मोटा भाई, तुम्हारा चेहरा देखकर लोग वोट काटेंगे”! ममता बनर्जी का अमित शाह पर सीधा और तीखा हमला

पश्चिम बंगाल चुनाव के रण में ममता बनर्जी के तेवर और भी कड़े हो गए हैं। शुक्रवार को हरिरामपुर की चुनावी जनसभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर जमकर निशाना साधा। शाह का नाम लिए बिना उन्हें ‘मोटा भाई’ कहकर संबोधित करते हुए ममता ने कहा कि भाजपा की साजिशों का जवाब जनता वोट से देगी। ममता ने हुंकार भरते हुए कहा, “साजिश का खेल हम समझ लेंगे। खेला होबे! दुरंत खेला, दुरंत खेला।”

बीजेपी नेतृत्व को चेतावनी देते हुए ममता बनर्जी ने कहा, “बीजेपी को शून्य कर दीजिए और बंगाल को पुण्य बना दीजिए। अगर वे बंगाल को टारगेट करेंगे, तो आने वाले दिनों में हम दिल्ली को टारगेट करेंगे।” अमित शाह पर सीधा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “ओ मोटा भाई, आप चाहे कितनी भी साजिश रच लें, याद रखिएगा कि लोग आपका चेहरा देखेंगे और आपका वोट काटेंगे।” राजनीतिक जानकारों का मानना है कि ममता ने यह बयान अमित शाह की बंगाल में सक्रियता और उनकी रणनीतियों के जवाब में दिया है।

ममता ने स्पष्ट किया कि बंगाल की संस्कृति और अस्मिता पर हमला करने वालों को यहां की जनता कभी स्वीकार नहीं करेगी। हरिरामपुर की सभा से ममता ने जिस तरह गृह मंत्री को घेरा है, उससे साफ है कि चुनाव के अगले चरणों में लड़ाई और भी व्यक्तिगत और आक्रामक होने वाली है। बंगाल की धरती से अब ममता ने सीधे तौर पर दिल्ली की सत्ता को चुनौती दे दी है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *