रेप पर भद्दा मजाक और उपराष्ट्रपति की मिमिक्री! कल्याण बनर्जी की बदजुबानी का कच्चा चिट्ठा आया सामने

तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ सांसद और वकील कल्याण बनर्जी अपनी ‘बदजुबानी’ के लिए एक बार फिर चर्चा में हैं। श्रीरामपुर के इस विवादित सांसद का राजनीतिक करियर जितना लंबा है, उनके विवादित बयानों की फेहरिस्त भी उतनी ही लंबी है। ताजा घटनाक्रम में उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को सरेआम धमकी देते हुए कहा, “अगर तुम चुनाव आयुक्त न होते, तो तुम्हारी उंगली काट देता।”
कल्याण बनर्जी के विवादित बयानों का एक पूरा ‘शब्दकोश’ तैयार हो गया है। पिछले साल कसबा रेप कांड पर उन्होंने यह कहकर सबको चौंका दिया था कि “अगर दोस्त अपनी सहेली का रेप करे, तो इसमें पुलिस क्या करेगी?” उनके इस बयान की देशभर में आलोचना हुई थी। इसके अलावा, उन्होंने अपनी ही पार्टी की महिला सांसद महुआ मोइत्रा और सीपीआई (एम) की दीप्सिता धर पर भी कई बार व्यक्तिगत और भद्दी टिप्पणियां की हैं।
धार्मिक भावनाओं को आहत करने का भी उन पर पुराना आरोप है। एक बार उन्होंने हाथरस कांड का जिक्र करते हुए माता सीता और रावण की तुलना कर दी थी, जिस पर बीजेपी ने कड़ी आपत्ति जताई थी। यही नहीं, उन्होंने शुभेंदु अधिकारी को ‘बंगाल का होमो’ कहकर संबोधित किया और तत्कालीन राज्यपाल सी.वी. आनंद बोस पर राजभवन में हथियार जमा करने का बेतुका आरोप लगाया। संसद परिसर में उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ की मिमिक्री कर उनका मजाक उड़ाना तो अब तक का सबसे बड़ा विवाद माना जाता है। चुनावी सरगर्मी के बीच कल्याण बनर्जी की यह बेलगाम भाषा टीएमसी के लिए मुसीबत बन सकती है।