बीरभूम में 100 करोड़ का आवास घोटाला? टीएमसी उम्मीदवार पर बीजेपी का बड़ा आरोप, चुनाव से पहले मचा हड़कंप

पश्चिम बंगाल चुनाव के बीच बीरभूम की राजनीति में भ्रष्टाचार के आरोपों ने उबाल ला दिया है। सिउड़ी विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार जगन्नाथ चटर्जी ने सिउड़ी नगर पालिका के वार्ड नंबर 9 में प्रधानमंत्री आवास योजना में करीब 100 करोड़ रुपये के घोटाले का आरोप लगाया है। उनके निशाने पर सिउड़ी नगर पालिका के चेयरमैन और टीएमसी उम्मीदवार उज्ज्वल चटर्जी हैं। जगन्नाथ का दावा है कि 2019 से 2022 के बीच कई पात्र लोगों के नाम पर घर आए, लेकिन पैसा या तो दूसरे खातों में गया या टीएमसी कार्यकर्ताओं ने ‘कट मनी’ लेकर अपात्रों को घर बांट दिए।
जगन्नाथ चटर्जी ने सोशल मीडिया पर वीडियो जारी कर अगले 20 दिनों में 20 ऐसे घोटालों का पर्दाफाश करने की धमकी दी है। इस पर पलटवार करते हुए टीएमसी उम्मीदवार उज्ज्वल चटर्जी ने कहा, “अगर जगन्नाथ इन आरोपों को साबित कर देते हैं, तो मैं अपना नामांकन पत्र वापस ले लूंगा।” इस चुनौती ने सिउड़ी के चुनावी मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया है।
दूसरी ओर, बोलपुर और सिउड़ी में नामांकन दाखिल करने के दौरान भारी तनाव देखा गया। सिउड़ी में बीजेपी की रैली जब टीएमसी कार्यालय के सामने से गुजरी, तो दोनों गुटों के बीच जमकर नारेबाजी हुई। एक तरफ ‘जय श्री राम’ और दूसरी तरफ ‘जय बांग्ला’ के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए विशाल पुलिस बल और केंद्रीय बलों को तैनात किया गया है। बोलपुर में भी प्रशासनिक भवन के पास दोनों दलों के समर्थकों के बीच तीखी झड़प हुई, जिसके बाद सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।