पेंटागन में तख्तापलट! ट्रंप सरकार ने अमेरिकी सेना प्रमुख को अचानक हटाया, वाशिंगटन में मचा हड़कंप

अमेरिकी रक्षा विभाग (पेंटागन) से इस वक्त की सबसे बड़ी खबर आ रही है। रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने अमेरिकी सेना के चीफ ऑफ स्टाफ जनरल रैंडी जॉर्ज को तुरंत पद छोड़ने और सेवानिवृत्त होने का आदेश दिया है। इस अचानक आए फैसले से अमेरिकी सैन्य नेतृत्व में खलबली मच गई है। जनरल जॉर्ज की जगह अब सेना के वाइस चीफ क्रिस्टोफर लावेने कमान संभालेंगे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी सैन्य नीतियों में तेजी से बदलाव चाहते हैं और हेगसेथ ऐसे नेतृत्व की तलाश में हैं जो ट्रंप प्रशासन के विजन को तुरंत लागू कर सके। रक्षा सचिव ने जनरल जॉर्ज से कहा कि अब सेना में “नेतृत्व परिवर्तन का समय” आ गया है। हालांकि आधिकारिक तौर पर इसे सामान्य सेवानिवृत्ति बताया जा रहा है, लेकिन इसे ट्रंप के सैन्य सुधारों का हिस्सा माना जा रहा है।
सिर्फ सेना ही नहीं, बल्कि एफबीआई (FBI) प्रमुख काश पटेल, नेशनल इंटेलिजेंस डायरेक्टर तुलसी गैबार्ड और आर्मी सेक्रेटरी डेनियल ड्रिस्कॉल के पदों को लेकर भी अटकलें तेज हैं। पीट हेगसेथ ने पिछले कुछ महीनों में कई हाई-प्रोफाइल जनरल और एडमिरल को हटाकर यह साफ कर दिया है कि वे पूरे विभाग का पुनर्गठन करने के मूड में हैं।