मां बनीं पर दुल्हन नहीं! एकता कपूर ने शादी न करने के पीछे की असली वजह का किया खुलासा

भारतीय टेलीविजन की बेताज बादशाह एकता कपूर आज किसी पहचान की मोहताज नहीं हैं। करियर में अपार सफलता पाने वाली एकता अक्सर अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सवालों के घेरे में रहती हैं। 51 की उम्र में भी अविवाहित एकता ने हाल ही में एक इंटरव्यू में अपनी शादी और निजी जिंदगी को लेकर कई बड़े खुलासे किए हैं। सरोगेसी के जरिए मां बन चुकीं एकता ने बताया कि उन्होंने आज तक शादी क्यों नहीं की।

‘एमके टॉक्स’ को दिए इंटरव्यू में एकता ने बताया कि उनके दोस्तों ने ही उन्हें शादी न करने की सलाह दी थी। एकता के मुताबिक, उनके दोस्तों का मानना था कि वह काम के प्रति इतनी समर्पित हैं कि वह किसी भी रिश्ते को समय नहीं दे पाएंगी। उनके दोस्तों ने उनसे कहा था, “प्लीज शादी मत करना। तुम्हारी शादी तो पहले ही बालाजी टेलीफिल्म्स से हो चुकी है। तुम ऑफिस नहीं छोड़ सकतीं, घर पर वक्त नहीं बितातीं और शो की एडिटिंग के लिए रात-रात भर जागती हो। ऐसे में तुम्हारी शादी टिकना नामुमकिन है।”

एकता ने बड़े ही बेबाक अंदाज में कहा कि वह पिछले 31 सालों से अपने काम के साथ एक ‘सफल रिलेशनशिप’ में हैं और वह इससे ब्रेकअप नहीं चाहतीं। उन्होंने कहा कि शादी एक बड़ी जिम्मेदारी और कमिटमेंट है। अगर आप किसी को समय नहीं दे सकते, तो शादी का बंधन बोझ बन जाता है। एकता का मानना है कि एक उम्र के बाद किसी और के साथ तालमेल बिठाना और अपनी लाइफस्टाइल बदलना काफी मुश्किल हो जाता है।

प्यार के बारे में बात करते हुए एकता कपूर ने इसे ‘समय की बर्बादी’ करार दिया। उन्होंने कहा, “आज की दुनिया में प्यार के नाम पर लोग एक-दूसरे का इस्तेमाल करते हैं। अगर आप किसी को अपना वक्त और भावनाएं देते हैं, तो बदले में अक्सर आपको निराशा ही मिलती है।” उन्होंने लोगों को सलाह दी कि वे अपने काम और अपने बच्चों से प्यार करें। एकता के अनुसार, अगर आप एक अच्छे इंसान से शादी करते हैं, तो ही शादी करें और तब करें जब आप उसे पूरा समय दे सकें। फिलहाल एकता अपने बेटे रवि और अपने प्रोडक्शन हाउस के साथ अपनी लाइफ एन्जॉय कर रही हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *