‘कॉफी विद करण’ सीजन 9 की वापसी! क्या करण जौहर फिर मचाएंगे बॉलीवुड में खलबली?

बॉलीवुड के गलियारों की सबसे चटपटी खबरें और सितारों के बेडरूम सीक्रेट्स एक बार फिर पर्दे पर आने वाले हैं। फिल्म निर्माता करण जौहर अपने मशहूर चैट शो ‘कॉफी विद करण’ के नौवें सीजन के साथ जोरदार वापसी के लिए तैयार हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो इस साल के अंत तक यह शो ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देगा।

करण जौहर ने खुद यह स्वीकार किया है कि वह पिछले सीजन (सीजन 8) के ‘रैपिड फायर’ राउंड से पूरी तरह संतुष्ट नहीं थे। एक इंटरव्यू में उन्होंने माना कि पिछला सीजन थोड़ा नीरस और बोरिंग हो गया था। लेकिन सीजन 9 के लिए उन्होंने एक ‘न्यू सिंटैक्स’ यानी नए अंदाज का वादा किया है। खबर है कि इस बार शो को आज के दर्शकों की पसंद के हिसाब से छोटा, क्रिस्प और और भी ज्यादा मसालेदार बनाया जाएगा।

जियो हॉटस्टार के साथ चर्चा तेज सूत्रों की मानें तो शो के टेलीकास्ट के लिए ‘जियो हॉटस्टार’ (Jio Hotstar) के साथ शुरुआती बातचीत शुरू हो चुकी है। इस बार मेहमानों की लिस्ट में भी बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं। करण जौहर इस बार केवल बॉलीवुड तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि उनके काउच पर साउथ के दिग्गज सितारे, ओटीटी के बड़े चेहरे और मशहूर कंटेंट क्रिएटर्स भी नजर आ सकते हैं। दो अलग-अलग इंडस्ट्री के सितारों को आमने-सामने बिठाकर उनके राज उगलवाना करण की पुरानी फितरत रही है, और दर्शक इसी का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

हाल ही में साल 2025 में आए काजोल और ट्विंकल खन्ना के शो ‘टू मच विद काजोल एंड ट्विंकल’ में करण जौहर मेहमान बनकर पहुंचे थे। वहां उन्होंने अपनी इमेज पर चुटकी लेते हुए कहा, “‘कॉफी विद करण’ की वजह से ही लोग मुझसे प्यार भी करते हैं और नफरत भी। शो में मैं एक ऐसा किरदार निभाता हूं जिसे स्पष्टवादी और थोड़ा गॉसिप करने वाला होना पड़ता है, क्योंकि शो की डिमांड यही है।”

2004 में शुरू हुए इस शो ने अब तक 8 सफल सीजन और 150 से ज्यादा एपिसोड पूरे कर लिए हैं। शाहरुख खान से लेकर आलिया भट्ट और रणबीर सिंह से लेकर दीपिका पादुकोण तक, इंडस्ट्री का हर बड़ा नाम इस शो का हिस्सा रह चुका है। हालांकि कॉन्ट्रैक्ट की बातें अभी शुरुआती दौर में हैं, लेकिन करण के तेवरों से साफ है कि सीजन 9 पुराने सभी रिकॉर्ड्स तोड़ने वाला है। अब देखना यह होगा कि इस बार करण के मशहूर हैंपर पर कौन कब्जा जमाता है!

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *