सोनम कपूर के घर गूंजी दूसरी बार किलकारी! नन्हे शहजादे के साथ एक्ट्रेस ने शेयर की पहली फोटो

बॉलीवुड की ‘फैशन डीवा’ सोनम कपूर एक बार फिर मां बन गई हैं। दूसरे बेटे के जन्म के कुछ ही दिनों बाद सोनम ने अपने नन्हे मुनके के साथ मातृत्व की एक बेहद खूबसूरत झलक प्रशंसकों के साथ साझा की है। इंस्टाग्राम पर पोस्ट की गई इस तस्वीर में सोनम अपने नवजात को गोद में लिए हुए बेहद सुकून में नजर आ रही हैं। इसके साथ ही उन्होंने डिलीवरी से ठीक पहले की अपनी एक रिलैक्स्ड मूड वाली फोटो भी शेयर की है।
सोनम ने इस पोस्ट के साथ एक दिल छू लेने वाला नोट भी लिखा है। उन्होंने इस पूरी यात्रा को ‘अविश्वसनीय’ बनाने के लिए एचएन रिलायंस अस्पताल और अपनी मेडिकल टीम को धन्यवाद दिया। सोनम ने विशेष रूप से अपने डॉक्टर के प्रति गहरी कृतज्ञता व्यक्त की, जो उनकी दोनों गर्भावस्था (Pregnancies) के दौरान उनके साथ रहे। अभिनेत्री ने अस्पताल के स्टाफ की दयालुता और देखभाल की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं गुणों ने उनके इस सफर को यादगार बना दिया।
खुशी से झूम उठा अहूजा और कपूर परिवार इससे पहले, सोनम कपूर और आनंद अहूजा ने एक संयुक्त बयान जारी कर अपने बेटे के जन्म की आधिकारिक घोषणा की थी। उन्होंने बताया कि नए सदस्य के आने से उनका परिवार अब पूरा हो गया है। सबसे दिलचस्प बात यह है कि उनका बड़ा बेटा, वायु कपूर अहूजा, अब ‘बड़े भैया’ की भूमिका निभाने के लिए बेहद उत्साहित है। इस जोड़े ने अपनी चार लोगों की छोटी सी दुनिया के नए अध्याय का गर्मजोशी से स्वागत किया है।
नाना अनिल कपूर का इमोशनल मैसेज सोनम के पिता और दिग्गज अभिनेता अनिल कपूर ने भी अपनी खुशी सोशल मीडिया पर जाहिर की। उन्होंने लिखा कि नए पोते (नाती) के आने से उनका दिल प्यार से भर गया है। अनिल कपूर ने वायु के बड़े भाई बनने पर अपनी एक्साइटमेंट शेयर की और नवजात का दिल खोलकर स्वागत किया। आपको बता दें कि २०१८ में आनंद अहूजा से शादी के बाद, अगस्त २०२२ में उनके पहले बेटे वायु का जन्म हुआ था। इसके बाद नवंबर ২০২৫ में सोनम ने अपनी दूसरी प्रेग्नेंसी का ऐलान किया था।