इटालियन फुटबॉल में भूकंप! दिग्ग्ज बुफों ने दिया इस्तीफा, संकट में ‘अजुरी’ की साख!

इटली के फुटबॉल इतिहास का सबसे काला दौर शुरू हो चुका है। लगातार तीसरी बार फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई करने में नाकाम रहने के बाद इटालियन फुटबॉल फेडरेशन (FIGC) में इस्तीफों की झड़ी लग गई है। दिग्गज गोलकीपर जियानलुइगी बुफों ने नेशनल टीम के डेलिगेशन हेड के पद से इस्तीफा दे दिया है। उनसे पहले फेडरेशन के अध्यक्ष गेब्रियल ग्रेविना भी अपने पद से हट चुके हैं।

मंगलवार को बोस्निया और हर्जेगोविना से मिली हार ने चार बार की विश्व चैंपियन इटली को एक बार फिर शर्मसार कर दिया है। 2021 की यूरो चैंपियन टीम ने आखिरी बार 2014 में वर्ल्ड कप खेला था। इस ऐतिहासिक विफलता के बाद खेल मंत्री एंड्रिया अबोदी ने फुटबॉल ढांचे में बड़े बदलाव के संकेत दिए हैं। ग्रेविना को 8 अप्रैल को संसदीय समिति के सामने पेश होकर इस दुर्गति का कारण बताना होगा।

बुफों ने भावुक पोस्ट में लिखा, “हम सफलता नहीं दिला सके, इसलिए अब नए लोगों को मौका मिलना चाहिए।” इस प्रशासनिक उथल-पुथल के बीच मुख्य कोच गेन्नारो गत्तुसो की छुट्टी भी लगभग तय मानी जा रही है। उनका कार्यकाल जून में समाप्त हो रहा है, लेकिन रिपोर्टों के अनुसार एंटोनियो कोंटे या मासिमिलियानो अलेग्री को जल्द ही कमान सौंपी जा सकती है। रॉबर्टो मैनचिनी की वापसी की चर्चा भी जोरों पर है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *