मशहूर डायरेक्टर उत्सव मुखर्जी लापता! बैंक के काम से निकले और फिर कभी वापस नहीं आए

कोलकाता के आनंदपुर इलाके से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है। ‘भविष्यतेर भूत’ और ‘बरुणबाबुर बंधु’ जैसी फिल्मों के मशहूर पटकथा लेखक और निर्देशक उत्सव मुखर्जी गुरुवार से रहस्यमय तरीके से लापता हैं। उनकी पत्नी मौपिया बनर्जी ने आनंदपुर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन अभी तक उत्सव का कोई सुराग नहीं मिला है।

मौपिया के अनुसार, उत्सव गुरुवार को निमता स्थित पंजाब नेशनल बैंक में अपने दिवंगत माता-पिता के बैंक खाते और लॉकर के काम से गए थे। दोपहर 2:22 बजे (लालबाजार पुलिस के अनुसार 3:15 बजे) उनकी अंतिम बार बात हुई थी, तब उत्सव बैंक के अंदर ही थे। उसके बाद से उनका फोन बंद आ रहा है। मौपिया ने बताया कि उत्सव का अपना फोन घर पर ही है, लेकिन उनके बैंक खाते से 40 हजार रुपये निकाले जाने का मैसेज आया है। साथ ही घर से उनका लैपटॉप भी गायब है, जिससे रहस्य और गहरा गया है।

शादी के महज एक महीने बाद इस घटना से मौपिया काफी परेशान हैं। उन्होंने बताया कि उत्सव पिछले कुछ समय से साइबर अटैक और अपने माता-पिता के निधन के कारण काफी तनाव में थे। मौपिया को शक है कि कहीं उन्होंने खुद को सबसे दूर करने का फैसला तो नहीं ले लिया? हालांकि, उन्होंने किसी अनहोनी की आशंका से भी इनकार नहीं किया है। गुड फ्राइडे की छुट्टी के कारण बैंक के सीसीटीवी फुटेज अभी नहीं देखे जा सके हैं। पुलिस अब उनके बैंक ट्रांजेक्शन और कॉल रिकॉर्ड्स खंगाल रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *