“हैदराबाद से आया है बीजेपी का कोयल”, मालदा कांड पर ममता बनर्जी का बड़ा खुलासा!

बंगाल को बदनाम करने की बाहरी साजिश हुई नाकाम! पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान मालदा की जनसभा में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने तीखे तेवर दिखाए। मालदा में जजों को रोकने और हंगामे की घटना पर बोलते हुए उन्होंने सीधे तौर पर असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी और बीजेपी के बीच ‘सांठगांठ’ का आरोप लगाया। ममता ने कहा, “मालदा की घटना के लिए स्थानीय लोग जिम्मेदार नहीं हैं। हैदराबाद से बीजेपी का ‘कोयल’ (ओवैसी) आया है, जो कुछ सांप्रदायिक तत्वों के साथ मिलकर बंगाल का सम्मान धूल में मिलाना चाहता है।”

ममता बनर्जी ने मंच से घोषणा की कि मालदा कांड के मुख्य आरोपी को सीआईडी ने बागडोगरा हवाई अड्डे से गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर निशाना साधते हुए कहा, “मोटाभाई, पहले मणिपुर संभालिए। आपके पास एजेंसियां हैं, इसलिए आप फोन कर-करके लोगों को डरा रहे हैं। मुझे भी डराने की कोशिश की थी, लेकिन मैंने करारा जवाब दिया। अगर लड़ना है तो सामने आकर लड़ो, मैं तुम्हारा नकाब उतार दूंगी।” उन्होंने शाह के टेलीप्रॉम्प्टर देखकर भाषण देने पर भी तंज कसा।

घुसपैठ के मुद्दे पर बीजेपी और कांग्रेस को घेरते हुए दीदी ने कहा कि अगर 2024 की वोटर लिस्ट में घुसपैठिये थे, तो बीजेपी और कांग्रेस के सांसद उन्हीं के वोटों से जीते हैं। ऐसे में उन्हें तुरंत इस्तीफा दे देना चाहिए। खुद को एक ‘जमीनी कार्यकर्ता’ बताते हुए ममता ने कहा कि उन्होंने मुख्यमंत्री के तौर पर कभी वेतन नहीं लिया और वह हमेशा साधारण जीवन जीती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे निडर होकर चुनाव की कमान संभालें।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *