“तुम्हारे चेहरे पर दंगों और तानाशाही के निशान हैं”, अमित शाह पर ममता बनर्जी का अब तक का सबसे तीखा हमला!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। शुक्रवार को दक्षिण दिनाजपुर के हरिरामपुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए ममता बनर्जी ने अमित शाह पर निजी हमले किए। दरअसल, गुरुवार को भवानीपुर में शुभेंदु अधिकारी के नामांकन के दौरान शाह ने तृणमूल को ‘चोरों की पार्टी’ कहा था, जिसका जवाब ममता ने हरिरामपुर से दिया।

ममता ने कड़े लहजे में कहा, “तृणमूल चोर है? और तुम लोग क्या हो? वो कहावत है ना—छलनी बोले सुई को जिसमें खुद छेद हो। तुम्हें शर्म नहीं आती? जिनके दोनों कान कटे हों, उन्हें किसी बात का डर नहीं होता।” उन्होंने शाह के बंगाल दौरे पर तंज कसते हुए कहा, “तुम 25 दिन रहने की बात करते हो, मैं कहती हूँ 365 दिन बंगाल में रहो, कोई फर्क नहीं पड़ेगा। लोग तुम्हारा चेहरा जितना देखेंगे, बीजेपी के वोट उतने ही कटेंगे। तुम्हारे चेहरे पर अत्याचार, तानाशाही और दंगों के निशान साफ दिखते हैं।”

ममता के इस प्रहार पर बीजेपी नेता राहुल सिन्हा ने पलटवार करते हुए कहा कि अमित शाह की ‘दवा’ ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा, “जब दवा दी जाती है, तो बीमारी पहले उछलती है, मुख्यमंत्री का यह गुस्सा उसी का प्रमाण है। बंगाल अब तृणमूल मुक्त होने जा रहा है।” बता दें कि शाह ने भवानीपुर से दावा किया था कि अगर बीजेपी वहां जीतती है, तो बंगाल में सत्ता परिवर्तन तय है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *