“मेरी कामयाबी से जलते हैं लोग!” लगातार दो हार के बाद भड़के KKR कप्तान अजिंक्य रहाणे!

आईपीएल 2026 की शुरुआत कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए किसी बुरे सपने जैसी रही है। पहले दो मैचों में लगातार हार के बाद अब टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठने लगे हैं। सनराइजर्स के खिलाफ घरेलू मैदान ईडन गार्डन्स पर 65 रनों की बड़ी हार के बाद कप्तान अजिंक्य रहाणे ने आलोचकों को आड़े हाथों लिया है। रहाणे ने विस्फोटक अंदाज में कहा कि उनकी सफलता से कई लोग ईर्ष्या करते हैं और वे नहीं चाहते कि रहाणे मैदान पर रन बनाएं।
ईडन में 227 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रहाणे ने 10 गेंदों में मात्र 7 रन बनाए, जिसके बाद उनके स्ट्राइक रेट की कड़ी आलोचना हो रही है। इस पर पलटवार करते हुए नाइट कप्तान ने कहा, “2023 से मेरा स्ट्राइक रेट बेहतरीन रहा है। जो लोग सवाल उठा रहे हैं, वे या तो क्रिकेट नहीं देखते या मुझे पसंद नहीं करते। मुझे फर्क नहीं पड़ता कि कौन क्या कह रहा है, कम से कम मैं चर्चा में तो हूँ।” रहाणे ने इसे महज एक ‘खराब दिन’ करार दिया और दावा किया कि टीम जल्द ही वापसी करेगी।
रहाणे के लिए केवल अपनी बल्लेबाजी ही नहीं, बल्कि वरुण चक्रवर्ती और सुनील नरेन की खराब फॉर्म भी चिंता का विषय है। वरुण को मैच में केवल दो ओवर ही दिए गए, जिस पर रहाणे ने कहा कि वरुण फिलहाल एक मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं, लेकिन टीम उनके साथ खड़ी है। केकेआर का अगला मुकाबला सोमवार को पंजाब किंग्स से है। रहाणे को भरोसा है कि यह एक लंबा टूर्नामेंट है और उनकी टीम जोरदार वापसी करने में सक्षम है।