बैंक गए और फिर कभी नहीं लौटे! टॉलीवुड डायरेक्टर उत्सव मुखर्जी लापता, इंडस्ट्री में मचा हड़कंप

बंगाली फिल्म इंडस्ट्री (टॉलीवुड) एक बार फिर गहरे संकट और रहस्य के घेरे में है। अभिनेता राहुल की संदिग्ध मौत का मामला अभी सुलझा भी नहीं था कि अब मशहूर निर्देशक और पटकथा लेखक उत्सव मुखर्जी के लापता होने की खबर ने सबको चौंका दिया है। गुरुवार सुबह बैंक के काम से घर से निकले उत्सव का पिछले १२ घंटों से कोई सुराग नहीं मिला है। उनकी पत्नी मौपिया बनर्जी ने सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट साझा कर उनकी तलाश में मदद मांगी है।

पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, उत्सव मुखर्जी गुरुवार सुबह निमता स्थित पीएनबी बैंक गए थे। हैरानी की बात यह है कि वह अपने फोन के बजाय अपने दिवंगत पिता का मोबाइल फोन साथ ले गए थे। उनकी पत्नी मौपिया ने बताया कि दोपहर २:२२ बजे उनकी उत्सव से आखिरी बार बात हुई थी, तब वह बैंक के अंदर ही थे। उसके कुछ ही देर बाद उनका फोन स्विच ऑफ हो गया और तब से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। परिवार ने स्थानीय पुलिस स्टेशन में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।

उत्सव मुखर्जी ने ‘बरुणबाबुर बंधु’ और ‘भविष्यतोर भूत’ जैसी फिल्मों की पटकथा लिखी है और वह निर्देशक अनिक दत्ता की टीम का भी हिस्सा रहे हैं। अभिनेता जीतू कमल ने इस घटना पर गहरी चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि उत्सव एक बेहद शांत और रचनात्मक व्यक्ति हैं, उनका इस तरह गायब होना डराने वाला है। पुलिस बैंक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है ताकि यह पता चल सके कि बैंक के अंदर या बाहर उनके साथ क्या हुआ था।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *