हॉर्मुज जलडमरूमध्य में भारतीय नाविक की मौत! ब्रिटेन की बैठक में भारत ने उठाया सुरक्षा का मुद्दा

पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच हॉर्मुज जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) की सुरक्षा को लेकर भारत ने गंभीर चिंता व्यक्त की है। ब्रिटेन द्वारा आयोजित ६० देशों की एक महत्वपूर्ण बैठक में भारतीय विदेश सचिव विक्रम मिस्री ने हिस्सा लिया। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि वर्तमान युद्ध की स्थिति में भारत एकमात्र ऐसा देश है जिसके नाविकों की जान गई है। खबरों के मुताबिक, अब तक कम से कम तीन भारतीय नाविकों की मौत हो चुकी है और एक घायल है।
विक्रम मिस्री ने अंतरराष्ट्रीय जलक्षेत्र में सुरक्षित और स्वतंत्र नौवहन के महत्व को रेखांकित किया और ईरान के नियंत्रण वाले हॉर्मुज जलडमरूमध्य को फिर से खोलने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह संघर्ष सीधे तौर पर भारत की ऊर्जा सुरक्षा को प्रभावित कर रहा है, क्योंकि भारत का तेल आयात काफी हद तक इस क्षेत्र पर निर्भर है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को दोहराते हुए उन्होंने कहा कि बातचीत और कूटनीति ही एकमात्र रास्ता है। विदेश मंत्रालय के अनुसार, खाड़ी देशों में लगभग १ करोड़ भारतीय रहते हैं। युद्ध में अब तक कुल ८ भारतीयों की मौत हुई है और एक लापता है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा कि सरकार नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए दूतावासों के साथ मिलकर काम कर रही है।