केजरीवाल की गिरफ्तारी पर भागे, अब PR कर रहे हैं? राघव चड्ढा को उनके ही साथी ने संसद में घेरा!

आम आदमी पार्टी (AAP) के भीतर मची खींचतान अब सार्वजनिक हो गई है। राज्यसभा के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद राघव चड्ढा और पार्टी के ही वरिष्ठ नेता सौरभ भारद्वाज के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है। राघव चड्ढा ने जहां एक वीडियो जारी कर खुद को ‘जनता की आवाज’ बताया और दावा किया कि उन्हें चुप कराया जा रहा है, वहीं सौरभ भारद्वाज ने उन्हें आईना दिखाते हुए ‘समोसा चर्चा’ और ‘सॉफ्ट पीआर’ का आरोप लगाया है।

शुक्रवार को सौरभ भारद्वाज ने एक्स (Twitter) पर एक वीडियो पोस्ट कर राघव पर तीखा हमला किया। उन्होंने कहा कि राघव चड्ढा संसद में मिलने वाले कीमती समय को देश की समस्याओं के बजाय ‘समोसे’ जैसी सतही चर्चाओं में बर्बाद कर रहे हैं। भारद्वाज ने कहा, “राघव भाई, हमने केजरीवाल जी से सीखा है कि डरपोक और मुर्दे में कोई अंतर नहीं होता। आप सरकार की आंखों में आंखें डालकर सवाल करने से क्यों डर रहे हैं?”

विदेशी दौरे और चुप्पी पर उठाए सवाल: सौरभ भारद्वाज ने राघव चड्ढा की निष्ठा पर सवाल उठाते हुए याद दिलाया कि जब पार्टी संकट में थी, तब वे कहां थे। उन्होंने कहा, “जब केजरीवाल जी को गिरफ्तार किया गया, हम सब सड़कों पर संघर्ष कर रहे थे। आप उस समय देश छोड़कर बाहर चले गए थे और छिपकर बैठे थे।” भारद्वाज ने यह भी पूछा कि गुजरात में कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी या पंजाब के गंभीर मुद्दों पर राघव ने चुप्पी क्यों साधी हुई है?

बीजेपी का डर या दूरी? पार्टी के भीतर से ही राघव को ‘बीजेपी से डरा हुआ’ बताया जाना काफी चौंकाने वाला है। भारद्वाज ने स्पष्ट रूप से कहा कि पिछले कुछ समय में राघव ने प्रधानमंत्री या बीजेपी के खिलाफ एक भी कड़ा सवाल नहीं पूछा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि राघव को पद से हटाना और फिर सार्वजनिक रूप से उन पर हमला करना यह दर्शाता है कि आम आदमी पार्टी में अब राघव चड्ढा के लिए राहें आसान नहीं रह गई हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *