चुनावी माहौल में ‘युवसाथी’ योजना पर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का बड़ा बयान; जानें कब आएगी आपके खाते में 1500 रुपये की अगली किस्त!

पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मियों के बीच राज्य सरकार की नई महत्वाकांक्षी योजना ‘युवसाथী’ (Yuvasathi Scheme) जबरदस्त चर्चा में है। फरवरी में घोषणा के बाद मार्च से ही पात्र उम्मीदवारों को योजना का लाभ मिलना शुरू हो गया है। गुरुवार को मुर्शिदाबाद के सूती में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस योजना को लेकर युवाओं को एक विशेष संदेश दिया। उन्होंने कहा कि यह राशि राज्य के बेरोजगार युवाओं के लिए ‘पॉकेट मनी’ की तरह है, ताकि उन्हें अपनी छोटी-छोटी जरूरतों के लिए किसी के सामने हाथ न फैलाना पड़े।
मुख्यमंत्री ने सभा में स्पष्ट किया कि प्रशासन उन आवेदकों के डेटा पर तेजी से काम कर रहा है जिन्हें अभी तक पहली किस्त नहीं मिली है। उन्होंने कहा, “चुनाव के कारण प्रशासनिक कार्यों की गति थोड़ी धीमी जरूर हुई है, लेकिन प्रक्रिया लगभग पूरी हो चुकी है। जिन लोगों ने आवेदन किया है, उनके बैंक खातों में जल्द ही पैसे भेज दिए जाएंगे।” गौरतलब है कि इस योजना के तहत 21 से 40 वर्ष की आयु के बेरोजगार युवाओं को 5 साल तक हर महीने 1500 रुपये की वित्तीय सहायता दी जाएगी।
ममता बनर्जी ने पहले ही अपने चुनावी घोषणापत्र में वादा किया था कि लगभग एक करोड़ युवाओं को इस योजना से जोड़ा जाएगा। खास बात यह है कि जो छात्र पहले से कोई स्कॉलरशिप पा रहे हैं, वे भी इस 1500 रुपये के मासिक भत्ते के पात्र होंगे। मुख्यमंत्री ने रोजगार का आश्वासन देते हुए कहा कि यह भत्ता केवल एक अंतरिम सहायता है, जब तक कि युवाओं को स्थाई नौकरी नहीं मिल जाती। तब तक सरकार उनके ‘हाथ खर्च’ की जिम्मेदारी उठाएगी। इस घोषणा के बाद से राज्य के युवाओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।