Breaking News: चुनाव प्रचार से लौट रही BJP प्रत्याशी का भीषण एक्सीडेंट, नहर में पलटी कार!

पश्चिम बंगाल के कोचबिहार जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है, जहाँ शीतलकुची विधानसभा क्षेत्र की भाजपा उम्मीदवार सावित्री बर्मन एक भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई हैं। रविवार सुबह चुनाव प्रचार कर घर लौटने के दौरान माथाभांगा के शिकारपुर इलाके में उनकी कार अनियंत्रित होकर एक गहरे गड्ढे (नयानजुली) में जा गिरी। इस हादसे में सावित्री बर्मन और उनके ड्राइवर को गंभीर चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, सावित्री बर्मन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कोचबिहार रैली से पहले अपने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान चला रही थीं। शिकारपुर गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रक अचानक उनकी कार के सामने आ गया। टक्कर से बचने की कोशिश में ड्राइवर ने कार पर से नियंत्रण खो दिया और गाड़ी सीधे सड़क किनारे खाई में पलट गई। आनन-फानन में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उन्हें माथाभांगा अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया।
अस्पताल से सावित्री बर्मन ने बताया कि सामने से आ रहे एक ट्रक ने उन्हें दबाने की कोशिश की, जिससे यह हादसा हुआ। इधर, भाजपा जिला इकाई ने इस घटना में राजनीतिक साजिश का अंदेशा जताया है। जिला उपाध्यक्ष विराज बोस ने कहा कि प्रचार से लौटते समय यह जानलेवा हमला भी हो सकता है, जिसकी जांच होनी चाहिए। माथाभांगा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ट्रक की तलाश की जा रही है। पीएम मोदी के दौरे से ठीक पहले हुई इस घटना ने पूरे बंगाल की राजनीति में तनाव पैदा कर दिया है।