बंगाल चुनाव २०२६: आज कूचबिहार में मोदी की गर्जना, तो मुर्शिदाबाद में ममता का शक्ति प्रदर्शन!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव २०२६ के पहले चरण के मतदान में अब केवल १९ दिन शेष हैं। आज रविवार को बंगाल की राजनीति के दो सबसे बड़े चेहरे आमने-सामने होंगे। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज कूचबिहार के रासमणि मैदान में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे, वहीं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी मुर्शिदाबाद के बहरामपुर, शमशेरगंज और जियागंज में रोड शो और जनसभाएं कर अपनी ताकत झोंकेंगी।
सुरक्षा में बड़ी चूक? हथियार बरामद: प्रधानमंत्री के दौरे से ठीक पहले कूचबिहार के चेंगराबंद्धा इलाके में बीएसएफ और पुलिस ने नाका चेकिंग के दौरान दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से ६ देशी पिस्तौल और २० कारतूस बरामद हुए हैं। यह हथियार मेखलीगंज से लाए जा रहे थे। पीएम की सुरक्षा को देखते हुए सीमावर्ती इलाकों में हाई-अलर्ट घोषित कर दिया गया है। उत्तर बंगाल में अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखने के लिए मोदी आज कार्यकर्ताओं को क्या जीत का मंत्र देते हैं, इस पर सबकी नजर है।
मछली पर सियासत: बंगाल में चुनाव के बीच ‘मछली और भात’ की संस्कृति पर भी राजनीति शुरू हो गई है। उत्तर दमदम में चुनाव प्रचार के दौरान राज्य की वित्त राज्य मंत्री चंद्रिमा भट्टाचार्य ने स्थानीय बाजार में जाकर लोगों से मुलाकात की। उन्होंने भाजपा पर कटाक्ष करते हुए कहा, “अमित शाह १५ दिनों के लिए बंगाल में हैं, मैं सोच रही हूं कि उन्हें यहीं से एक मछली भेजूं। उन्हें हर राज्य की खाद्य संस्कृति का सम्मान करना चाहिए।”
पीएम मोदी का आगामी कार्यक्रम: आज की सभा के बाद पीएम मोदी का बंगाल दौरा और तेज होने वाला है। ९ अप्रैल को वे आसनसोल, सूरी और हल्दिया में जनसभाएं करेंगे। ११ अप्रैल को कृष्णनगर में सभा और १२ अप्रैल को सिलीगुड़ी में करीब ३ किलोमीटर लंबा मेगा रोड शो प्रस्तावित है। बंगाल की सत्ता तक पहुंचने के लिए भाजपा और टीएमसी दोनों ही कोई कसर नहीं छोड़ना चाहतीं।