मुसीबत में काम आएगा PPF: जानें कैसे और कितना निकाल सकते हैं लोन, ये रही पूरी डिटेल

भारत में पब्लिक प्रोविडेंट फंड (PPF) को न केवल निवेश का सबसे सुरक्षित जरिया माना जाता है, बल्कि यह टैक्स बचाने का भी एक बेहतरीन विकल्प है। लेकिन क्या आप जानते हैं कि आपका पीपीएफ खाता आपकी वित्तीय जरूरतों के समय एक एटीएम की तरह भी काम कर सकता है? जी हां, मैच्योरिटी से पहले अगर आपको पैसों की सख्त जरूरत है, तो आप अपने पीपीएफ बैलेंस पर लोन ले सकते हैं।

लोन की पात्रता और समय सीमा: पीपीएफ पर लोन लेने के लिए एक विशेष समय सीमा निर्धारित है। खाता खोलने के तीसरे वित्तीय वर्ष से लेकर छठे वित्तीय वर्ष के बीच ही इस सुविधा का लाभ उठाया जा सकता है। यह उन लोगों के लिए बहुत फायदेमंद है जो अभी समय से पहले पैसा निकालने (Premature Withdrawal) के पात्र नहीं हुए हैं। लोन के लिए खाताधारक को संबंधित बैंक या डाकघर में ‘फॉर्म डी’ भरकर जमा करना होता है।

कितना मिलेगा कर्ज? नए नियमों के अनुसार, आप अपने पीपीएफ खाते में मौजूद शेष राशि का अधिकतम 25% तक ऋण ले सकते हैं। इस राशि की गणना उस वर्ष से दो साल पहले के बैलेंस के आधार पर की जाती है, जिस वर्ष आप आवेदन कर रहे हैं। यानी यदि आप 2026 में लोन मांगते हैं, तो 2024 के अंत में आपके खाते में जितनी राशि थी, उसका 25% आपको मिल सकता है।

ब्याज दर और भुगतान: पीपीएफ लोन की सबसे खास बात इसकी कम ब्याज दर है। यदि आप 36 महीनों के भीतर ऋण चुका देते हैं, तो आपको केवल 1% वार्षिक ब्याज देना होगा। लेकिन यदि आप 36 महीने की अवधि पार कर जाते हैं, तो ब्याज दर बढ़कर 6% हो जाएगी। पहले मूलधन चुकाना होता है और बाद में ब्याज। यह उन लोगों के लिए एक वरदान है जिन्हें कम समय के लिए फंड की आवश्यकता है और जो बैंकों के भारी ब्याज से बचना चाहते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *