“क्या हम बेवकूफ हैं?” रुतुराज के बहाने पर भड़के पूर्व CSK स्टार बद्रीनाथ, बीच मैदान पर लगाई क्लास

आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए शुरुआत किसी दुःस्वप्न से कम नहीं रही है। शुक्रवार को अपने घरेलू मैदान चेपॉक पर पंजाब किंग्स के खिलाफ 210 रनों का विशाल स्कोर बनाने के बावजूद सीएसके को करारी हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद कप्तान रुतुराज गायकवाड़ के बयानों ने विवाद खड़ा कर दिया है। सीएसके के पूर्व दिग्गज सुब्रमण्यम बद्रीनाथ ने रुतुराज की समझ पर सवाल उठाते हुए उन्हें बुरी तरह धो दिया है।
पिच का बहाना और बद्रीनाथ का वार मैच के बाद रुतुराज ने कहा था कि पिच धीमी थी और गेंद रुक कर आ रही थी। इस पर पलटवार करते हुए बद्रीनाथ ने कहा, “क्या रुतुराज को लगता है कि हम बेवकूफ हैं? अगर पिच धीमी थी, तो पंजाब के बल्लेबाजों ने एक मिनट के लिए भी दबाव महसूस क्यों नहीं किया? असल समस्या मिडिल ऑर्डर की है। रुतुराज के आउट होने के बाद कार्तिक शर्मा और सरफराज खान जैसे अनुभवहीन खिलाड़ी ओवरटन जैसे गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके। शिवम दुबे के अलावा कोई भी अनुभवी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका।”
अश्विन का दर्द और धोनी की कमी वहीं, चेन्नई के पुराने साथी रविचंद्रन अश्विन ने भी इस प्रदर्शन की तीखी आलोचना की है। धोनी की चोट और टीम की लगातार हार पर अश्विन ने कहा कि सीएसके को इस तरह खेलते देखना ‘दर्दनाक’ है। उन्होंने साफ कहा कि अगर सच बोलने के लिए फैंस उन्हें ट्रोल करते हैं, तो भी उन्हें फर्क नहीं पड़ता। धोनी की गैरमौजूदगी में चेन्नई की टीम अब पूरी तरह बिखरती नजर आ रही है और कप्तान रुतुराज पर दबाव बढ़ता ही जा रहा है।