मुस्लिम देशों का पासपोर्ट और विदेशी संपत्ति! हिमंता बिस्वा सरमा की पत्नी पर कांग्रेस का बड़ा प्रहार

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा और कांग्रेस के बीच जुबानी जंग अब कानूनी कार्रवाई में बदल चुकी है। कांग्रेस नेता पवन खेड़ा द्वारा मुख्यमंत्री की पत्नी रिंकी भुइयां सरमा पर लगाए गए गंभीर आरोपों के बाद मंगलवार को दिल्ली और असम पुलिस की एक संयुक्त टीम खेड़ा के दिल्ली स्थित आवास पर पहुंची। हालांकि, मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने दावा किया है कि गिरफ्तारी के डर से पवन खेड़ा हैदराबाद भाग गए हैं।

पवन खेड़ा ने हाल ही में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दावा किया था कि रिंकी भुइयां सरमा के पास एक से अधिक पासपोर्ट हैं, जिनमें से दो मुस्लिम देशों के हैं। खेड़ा ने सवाल उठाया कि “जिस मुख्यमंत्री की पूरी राजनीति मुस्लिम विरोध पर टिकी है, उनकी पत्नी के पास मुस्लिम देशों के पासपोर्ट कैसे हो सकते हैं? क्या भारत में दोहरी नागरिकता की अनुमति है?” वहीं, गौरव गोगोई ने आरोप लगाया कि सरमा परिवार की दुबई और अमेरिका में संपत्तियां हैं और उन्होंने चुनाव आयोग के समक्ष अपनी संपत्ति का सही विवरण नहीं दिया है।

इन आरोपों पर पलटवार करते हुए हिमंता बिस्वा सरमा ने कहा, “कल तक वे कह रहे थे ‘मुझे गिरफ्तार करो’, और आज जब पुलिस पहुंची तो वे भाग निकले। मैं पवन खेड़ा को पवन पेड़ा बना दूंगा।” सरमा ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस द्वारा पेश किए गए दस्तावेज फर्जी हैं और कथित तौर पर पाकिस्तान के एक सोशल मीडिया हैंडल से लिए गए हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी पत्नी ने पहले ही पुलिस में शिकायत दर्ज करा दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि फर्जी दस्तावेजों के आधार पर चुनाव या जनता को गुमराह करना भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत गंभीर अपराध है, जिसमें आजीवन कारावास का प्रावधान है। पुलिस अब इस मामले में साक्ष्यों के आधार पर अगली कार्रवाई कर रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *