मुर्शिदाबाद में सबसे बड़ी स्ट्राइक, झाड़ग्राम में सबसे कम असर! आयोग ने जारी की डिलीटेड वोटरों की लिस्ट

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से ठीक पहले चुनाव आयोग द्वारा जारी की गई ‘डिलीटेड’ वोटरों की सूची ने राज्य की सियासत में भूचाल ला दिया है। सोमवार देर रात आयोग द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, पूरे राज्य में लगभग ९१ लाख मतदाताओं के नाम सूची से हटा दिए गए हैं। कुल ६०,०६,६७५ मतदाता ‘विचाराधीन’ (Under Adjudication) श्रेणी में रखे गए थे, जिनमें से एक बड़ी संख्या को अब अयोग्य घोषित कर दिया गया है।
कोलकाता के दोनों हिस्सों—उत्तर और दक्षिण—में भारी कटौती देखी गई है। दक्षिण कोलकाता में विचाराधीन ७८,६५७ मतदाताओं में से २८,४६८ के नाम काट दिए गए हैं। वहीं, उत्तर कोलकाता में ६१,२३६ विचाराधीन नामों में से ३९,१६४ नाम हटा दिए गए हैं। भवानीपुर, बालीगंज, जोरासांको और कोलकाता पोर्ट जैसे महत्वपूर्ण निर्वाचन क्षेत्रों में हजारों मतदाताओं की कमी आई है।
जिलों की बात करें तो मुर्शिदाबाद में सबसे बड़ी कार्रवाई हुई है, जहां ४,५५,१३७ मतदाताओं के नाम डिलीट किए गए हैं। इसके विपरीत, झाड़ग्राम जिले में सबसे कम नाम काटे गए हैं। आयोग के अनुसार, ५९,८४,५१२ मामलों का निपटारा कर दिया गया है, जबकि २२,१६३ मतदाताओं के मामलों में ई-हस्ताक्षर की प्रक्रिया अभी बाकी है। इस प्रक्रिया के पूरा होते ही डिलीट किए गए नामों की संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है।