‘तीस्ता के ठंडे पानी में मुझे १.५ घंटे डुबोकर रखा’, राहुल की मौत के बाद रूपाली भट्टाचार्य का बड़ा खुलासा!

दिवंगत अभिनेता राहुल अरुणोदय बनर्जी की मौत ने टॉलीवुड की चकाचौंध के पीछे छिपे काले सच को उजागर कर दिया है। जहां राहुल की पत्नी प्रियंका सरकार ने हत्या का संदेह जताते हुए एफआईआर दर्ज कराई है, वहीं अभिनेत्री रूपाली रॉय भट्टाचार्य ने अपनी आपबीती सुनाकर सबको चौंका दिया है। रूपाली ने सोशल मीडिया पर बताया कि कैसे निर्देशकों की लापरवाही ने उन्हें कई बार मौत के करीब पहुंचा दिया था।
रूपाली ने एक पुराने सीरियल की शूटिंग को याद करते हुए बताया कि कड़ाके की ठंड में उन्हें तीस्ता नदी के बर्फीले पानी में गले तक डुबोकर डेढ़ घंटे तक बैठाया गया था। उन्होंने कहा, “कैमरा अभी गाड़ी से उतरा भी नहीं था, लेकिन मुझे उस तेज बहाव में एक पत्थर पकड़कर बैठने को मजबूर किया गया। मैं बह सकती थी, लेकिन असिस्टेंट डायरेक्टर की मदद से मेरी जान बची।” एक अन्य घटना में उन्हें घंटों हार्नेस पर लटकाकर छोड़ दिया गया क्योंकि डायरेक्टर कैमरा आने का इंतजार करने के बजाय कहीं और चले गए थे।
सबसे भयावह अनुभव एक फाइट सीन के दौरान हुआ। रूपाली को रीढ़ की हड्डी के बल पटकने को कहा गया था। जब वह दर्द से कराहते हुए गिरीं, तो किसी ने ‘कट’ तक नहीं बोला। उठकर देखा तो डायरेक्टर और चीफ एडी शॉट खत्म होने से पहले ही गरम ‘चॉप’ (पकौड़े) खाने चले गए थे। रूपाली ने गुस्से में कहा, “कलाकारों को हमेशा हल्के में लिया जाता है। राहुल की मौत एक हादसा नहीं, बल्कि सिस्टम की लापरवाही है। अब हम चुप नहीं रहेंगे।” बैरकपुर से लेकर टॉलीगंज तक, राहुल के लिए इंसाफ की मांग अब एक जन आंदोलन का रूप ले रही है।