40 हजार नाम गायब! भवानीपुर से नामांकन भरते समय क्या बीजेपी पर बड़ा हमला करेंगी ममता?

पश्चिम बंगाल की हाई-प्रोफाइल भवानीपुर विधानसभा सीट पर आज सियासी हलचल अपने चरम पर है। मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार ममता बनर्जी आज सुबह करीब 10:30 बजे अपने आवास से अलीपुर स्थित सर्वे बिल्डिंग के लिए निकलेंगी, जहां वह अपना नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। गौरतलब है कि इसी सीट से बीजेपी उम्मीदवार शुभेंदु अधिकारी पहले ही नामांकन भर चुके हैं, जिनके साथ खुद गृह मंत्री अमित शाह मौजूद थे। शाह की उस चुनौती के बाद, जिसमें उन्होंने ममता को ‘उनके घर में घुसकर हराने’ की बात कही थी, आज दीदी के पलटवार पर सबकी नजरें टिकी हैं।
टीएमसी सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी का यह नामांकन केवल एक कानूनी प्रक्रिया नहीं, बल्कि एक बड़ा ‘शक्ति प्रदर्शन’ होगा। भवानीपुर को ‘मिनी इंडिया’ कहा जाता है क्योंकि यहाँ बंगाली, गुजराती, पंजाबी, मारवाड़ी और अल्पसंख्यक समुदाय के लोग बड़ी संख्या में रहते हैं। इस विविधता को भुनाने के लिए ममता के प्रस्तावकों (Proposers) की सूची में सभी धर्मों के प्रतिनिधियों को शामिल किया जा सकता है। चर्चा है कि फिरहाद हकीम की पत्नी रूबी हकीम, मीराज शाह और बबलू सिंह प्रस्तावक के रूप में उनके साथ होंगे।
इस चुनाव में ममता बनर्जी का मुख्य निशाना ‘एसआईआर’ (SIR) का मुद्दा रहने वाला है। टीएमसी का आरोप है कि भवानीपुर के लगभग 40 हजार लोगों के नाम सूची से हटा दिए गए हैं और उन्हें घुसपैठिया बताने की कोशिश की जा रही है। ममता बनर्जी इस मुद्दे पर चुनाव आयोग को भी कटघरे में खड़ा कर चुकी हैं। आज नामांकन के दौरान वह इस मुद्दे को उठाकर बंगाली और गैर-बंगाली मतदाताओं को एकजुट करने का प्रयास करेंगी। सर्वे बिल्डिंग के बाहर टीएमसी समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा है, जो दिल्ली को कड़ी चुनौती देने के लिए तैयार दिख रहा है।