अपमान का बदला लेगी टीएमसी! दिल्ली में चुनाव आयोग के दफ्तर से बिना बात किए निकले नेता

भारतीय चुनाव आयोग और तृणमूल कांग्रेस (TMC) के बीच चल रही तकरार बुधवार को दिल्ली में चरम पर पहुंच गई। टीएमसी का एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल, जिसमें डेरेक ओ’ब्रायन, सागरिका घोष और मेनका गुरुस्वामी शामिल थे, आज सुबह चुनाव सदन पहुंचे थे। लेकिन बैठक के कुछ ही समय बाद टीएमसी नेता गुस्से में बाहर निकल आए। डेरेक ओ’ब्रायन ने मीडिया के सामने बेहद सख्त तेवर दिखाते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त पर गंभीर आरोप लगाए।
डेरेक का दावा है कि चर्चा के दौरान तृणमूल सांसदों को आयोग के दफ्तर से बाहर जाने के लिए कह दिया गया। उन्होंने इसे लोकतंत्र और निर्वाचित प्रतिनिधियों का अपमान करार दिया है। टीएमसी नेताओं का कहना है कि जब उन्होंने बंगाल चुनाव और निष्पक्षता से जुड़े सवाल उठाए, तो उन्हें सुना नहीं गया। इस घटना के बाद दिल्ली की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। टीएमसी अब इस मुद्दे को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर बड़ा विरोध प्रदर्शन करने की योजना बना रही है, जिससे आयोग और ममता की पार्टी के बीच तनाव और बढ़ने के आसार हैं।