‘किडनी दो या ३० लाख लाओ!’ कानपुर की बहू का ससुराल वालों पर रोंगटे खड़े कर देने वाला आरोप

उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसी झकझोर देने वाली घटना सामने आई है, जिसने रिश्तों की गरिमा को तार-तार कर दिया है। एक महिला ने अपने पति और ससुराल वालों पर न केवल दहेज उत्पीड़न, बल्कि उसकी किडनी निकालने के लिए दबाव डालने का भी गंभीर आरोप लगाया है। चकेरी पुलिस ने इस मामले में पीड़िता की शिकायत पर धोखाधड़ी और दहेज प्रताड़ना की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पीड़िता का विवाह २२ जून २०२३ को लखनऊ के निशांत कुमार के साथ हुआ था। शादी में मायके वालों ने ८ लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने के जेवर और एक महिंद्रा थार एसयूवी उपहार में दी थी। हालांकि, ससुराल पहुंचते ही पीड़िता को मानसिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ा। महिला का आरोप है कि उसका पति उसके साथ शारीरिक संबंध नहीं बनाता था और निशांत की मां अक्सर पति-पत्नी के बीच में आकर सो जाती थी। वहीं ससुर बिना अनुमति कमरे में घुसकर उसकी तस्वीरें खींचते थे। पति दिन भर में १० से अधिक दवाइयां खाता था, जिसे ससुराल वाले महज ‘हाई ब्लड प्रेशर’ की दवा बताते थे।

सच्चाई तब सामने आई जब महिला के हाथ पति की एक छिपी हुई मेडिकल फाइल लगी। उसमें स्पष्ट लिखा था कि नशे की लत के कारण २०२२ में ही निशांत की दोनों किडनियां खराब हो चुकी थीं और वह डायलिसिस पर था। जब पीड़िता के परिवार ने इस धोखे पर सवाल उठाए, तो ससुराल वालों ने बेहद निर्दयी शर्त रख दी। उन्होंने कहा, “या तो पति को अपनी एक किडनी दान करो, या फिर ३० लाख रुपये का इंतजाम करो।” मजबूर होकर महिला अक्टूबर २०२४ में अपना सब कुछ छोड़कर मायके लौट आई। पुलिस अधिकारी अभिषेक पांडे ने आश्वासन दिया है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *