गर्मी में पेट रहेगा ठंडा और स्वाद रहेगा नंबर-१, घर पर ऐसे तैयार करें ‘तिल-लौकी’ की शाही डिश

गर्मियों का मौसम दस्तक दे रहा है, और इस दौरान शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए डॉक्टर सबसे ज्यादा लौकी खाने की सलाह देते हैं। हालांकि, लौकी का नाम सुनते ही कई लोग मुंह बनाने लगते हैं। अगर आप भी लौकी की साधारण सब्जी या दाल खाकर ऊब चुके हैं, तो आज हम आपके लिए लाए हैं एक बेहद खास और लजीज रेसिपी। सफेद तिल और बड़ी के साथ बनी यह लौकी न केवल सेहतमंद है, बल्कि स्वाद में भी बेमिसाल है।

सामग्री: एक छोटी ताजी लौकी, १०-१२ दाल की बड़ी, ४-५ चम्मच सफेद तिल, सरसों का तेल, २-३ सूखी लाल मिर्च, १ तेजपत्ता, १ चम्मच जीरा, १ इंच अदरक का पेस्ट, १ चम्मच हल्दी, ४-५ हरी मिर्च, स्वादानुसार नमक और १-२ चम्मच चीनी।

बनाने की विधि: सबसे पहले लौकी को बारीक काटकर धो लें। अब कड़ाही में तेल गरम करें और बड़ी को सुनहरा होने तक तलकर निकाल लें। उसी तेल में सूखी मिर्च, तेजपत्ता और जीरा का तड़का लगाएं। अदरक का पेस्ट डालकर थोड़ा भूनें, फिर कटी हुई लौकी डाल दें। इसमें नमक और हल्दी मिलाकर धीमी आंच पर ढककर पकाएं। ध्यान रहे, लौकी से निकलने वाले पानी में ही यह सब्जी पकेगी।

इसी बीच, सफेद तिल को हल्का भूनकर हरी मिर्च के साथ बारीक पीस लें। जब लौकी गल जाए, तो इसमें तली हुई बड़ी और थोड़ी चीनी डालें। अंत में तिल का पेस्ट मिलाएं और ५-७ मिनट तक अच्छी तरह भूनें। जब सब्जी गाढ़ी और मसालेदार दिखने लगे, तो गैस बंद कर दें। गरमा-गरम चावल के साथ यह ‘तिल-लौकी’ परोसें, यह गर्मी के दोपहर के खाने का स्वाद दोगुना कर देगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *