‘ममता जी नंदीग्राम में हारी थीं, भवानीपुर भी हारेंगी’, बेहाला में शुभेंदु अधिकारी का बड़ा प्रहार!

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की आहट के साथ ही राजनीतिक वार-पलटवार तेज हो गया है। आज बेहाला पूर्व विधानसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार शंकर सिकदार के नामांकन के अवसर पर विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने शीलपाड़ा में एक विशाल जनसभा और रोड शो किया। शीलपाड़ा से 14 नंबर बस स्टैंड तक आयोजित इस रोड शो में समर्थकों का भारी हुजूम उमड़ पड़ा।
मंच से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर सीधा हमला बोलते हुए शुभेंदु अधिकारी ने कहा, “ममता बनर्जी नंदीग्राम में चुनाव हार चुकी हैं और इस बार भवानीपुर में भी उनकी हार निश्चित है। उनका एकमात्र लक्ष्य ‘ग्रेटर बांग्लादेश’ बनाना है।” उन्होंने बेहाला क्षेत्र में हो रहे भ्रष्टाचार का मुद्दा उठाते हुए स्थानीय पार्षदों और पुलिस प्रशासन को आड़े हाथों लिया। शुभेंदु ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में धड़ल्ले से तालाबों को भरकर अवैध निर्माण (प्रमोटिंग) किया जा रहा है। उन्होंने एक पुराने वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त पार्षदों में मुझ पर मानहानि का केस करने की हिम्मत तक नहीं है।
शंकर सिकदार को एक ‘आदर्श कार्यकर्ता’ बताते हुए शुभेंदु ने जनता से अपील की कि वे इस बार ‘चोरों के राज’ को खत्म करने के लिए भाजपा को चुनें। उन्होंने कड़े लहजे में कहा कि 4 तारीख के बाद भ्रष्टाचार, चोरी और भाजपा कार्यकर्ताओं पर किए गए झूठे मुकदमों का हिसाब लिया जाएगा। नरेंद्र मोदी की सरकार किसी भी भ्रष्टाचारी को नहीं बख्शेगी।
दिलचस्प बात यह है कि उसी समय मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भी भवानीपुर सीट से अपना नामांकन दाखिल किया। वे पैदल चलकर अलीपुर सर्वे बिल्डिंग पहुंचीं, जहाँ उनके साथ फिरहाद हकीम भी मौजूद थे। बेहाला में शुभेंदु की दहाड़ और भवानीपुर में ममता का नामांकन, बंगाल की चुनावी जंग को बेहद दिलचस्प बना रहा है।