‘चुनाव आते ही मोदी-शाह को बंगाल की याद आती है’, अभिषेक बनर्जी का ‘जमींदार’ वाला करारा तंज!

बुधवार को कूचबिहार के चुनावी रणक्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस के सांसद अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दोनों नेताओं को ‘बंगाल विरोधी जमींदार’ करार देते हुए कहा कि बीजेपी के ये नेता केवल वोट के लिए बंगाल आते हैं, लेकिन संकट के समय जनता को उनके हाल पर छोड़ देते हैं।
अभिषेक बनर्जी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट ‘X’ पर कूचबिहार रैली का एक वीडियो साझा करते हुए लिखा, “वे लोग कहाँ थे? कहीं नहीं। क्योंकि वे जनता के लिए नहीं, बल्कि वोटों के लिए आए थे। केवल तृणमूल कांग्रेस ही हर परिस्थिति में, बिना किसी शर्त के लोगों के साथ खड़ी रही है।” उन्होंने कहा कि भाजपा के ‘जमींदार’ बिना कुछ दिए जनता से वोट मांगते हैं, जबकि ममता बनर्जी की ‘मां-माटी-मानुष’ की सरकार बिना किसी मांग के लोगों के लिए काम करती है।
पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए अभिषेक ने कहा, “यह विडंबना है कि मोदी और शाह को भारत के नक्शे पर पश्चिम बंगाल केवल चुनावों के दौरान ही दिखाई देता है। वे झूठ का सूटकेस, कैमरा और टेलप्रॉम्प्टर लेकर आते हैं, बड़े-बड़े भाषण देते हैं और गायब हो जाते हैं।” उन्होंने सवाल किया कि उत्तर बंगाल में बाढ़ के समय या चाय बागान श्रमिकों के पीएफ बकाया के मुद्दे पर केंद्र सरकार खामोश क्यों रहती है? उन्होंने बीएसएफ की फायरिंग और एनआरसी (NRC) के नाम पर आम लोगों के उत्पीड़न का मुद्दा भी पुरजोर तरीके से उठाया।
गौरतलब है कि हाल ही में पीएम मोदी ने कूचबिहार में कहा था कि 4 मई को चुनाव परिणाम आने के बाद टीएमसी को अपने ‘पापों’ का हिसाब देना होगा। अभिषेक बनर्जी का आज का बयान उसी का पलटवार माना जा रहा है। बंगाल में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होना है, और उससे पहले अभिषेक बनर्जी के इस आक्रामक तेवर ने चुनावी मुकाबले को और भी दिलचस्प बना दिया है।