‘बीजेपी आई तो मछली-मांस खाना बंद हो जाएगा’, हुगली में ममता बनर्जी का बड़ा बयान

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने बुधवार को हुगली जिले के आरामबाग और बलागढ़ में विशाल चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इन सभाओं के माध्यम से उन्होंने भाजपा और चुनाव आयोग पर तीखा हमला बोला। ममता ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार और भाजपा मिलकर बंगाल के लोगों का अस्तित्व मिटाने की साजिश रच रहे हैं।

आरामबाग में ममता बनर्जी ने मतदाता सूची से नाम काटे जाने के मुद्दे पर आयोग को घेरते हुए कहा, “अगर आम जनता वोट ही नहीं दे पाएगी, तो इस ट्रिब्यूनल का क्या फायदा? लोगों का नाम जोड़ने का अधिकार छीना जा रहा है। हमें यह जानने का पूरा हक है कि आखिर नाम क्यों हटाए गए।” उन्होंने आगे कहा कि मतदाता सूची में हेराफेरी दरअसल एनआरसी (NRC) लागू करने की एक सोची-समझी साजिश है। ममता ने हुंकार भरते हुए कहा, “एनआरसी के नाम पर जो छक्का मारने की कोशिश हो रही है, उसे हम ‘अक्का’ (खत्म) कर देंगे।”

ममता ने भाजपा की विचारधारा पर हमला करते हुए बंगाल की संस्कृति और खान-पान का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा, “ये बंगाल विरोधी लोग यहाँ वोट मांगने आते हैं, लेकिन इनके राज्यों में मछली, मांस और अंडा खाना बंद है। बंगाली लोग मछली-चावल खाते हैं। भाजपा को वोट देने का मतलब है अपना खान-पान और अपनी भाषा खो देना।” उन्होंने भाजपा की नीतियों पर तंज कसते हुए कहा, “ये पहले हजार रुपये का लालच देंगे और फिर आपके घरों पर बुलडोजर चलाएंगे। तृणमूल जो कहती है, वही करती है।”

बलागढ़ की सभा में भी ममता ने अपनी पहचान और सम्मान की रक्षा के लिए जनता से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने स्पष्ट किया कि बंगाल की भाषा और संस्कृति की रक्षा केवल तृणमूल ही कर सकती है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *