नेपाल में गुटखा थूकना पड़ा भारी! स्थानीय युवक ने भारतीय पर्यटक से रगड़कर साफ करवाई सड़क

नेपाल की यात्रा पर गए भारतीय पर्यटकों के एक समूह को अपनी एक छोटी सी हरकत की वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शर्मिंदगी झेलनी पड़ी है। सड़क पर गुटखा थूकने की आदत ने उन्हें मुसीबत में डाल दिया, जब एक स्थानीय नेपाली नागरिक ने न केवल उन्हें बीच सड़क पर रोका, बल्कि उनसे थूका हुआ साफ भी करवाया। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर जंगल की आग की तरह फैल रहा है।
सड़क पर कराई सफाई: खबरों के मुताबिक, एक टैक्सी में सवार भारतीय पर्यटक खिड़की से बाहर गुटखा थूक रहे थे। तभी एक स्थानीय व्यक्ति ने उनकी गाड़ी रुकवा दी। नेपाली युवक ने कड़े शब्दों में कहा, “यह भारत नहीं है भाई, यह नेपाल है। जल्दी पानी डालो और इसे साफ करो।” जब पर्यटकों ने बहस करने की कोशिश की, तो स्थानीय व्यक्ति ने साफ कर दिया कि बिना सफाई किए वे वहां से नहीं जा सकते। अंत में, आरोपी भारतीय पर्यटक को पानी की बोतल लेकर सड़क पर बैठना पड़ा और अपना थूका हुआ हिस्सा धोकर साफ करना पड़ा।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस: वीडियो में स्थानीय व्यक्ति को यह कहते सुना जा सकता है कि इतने बड़े देश (भारत) से आकर आप दूसरे देश को गंदा कर रहे हैं। इस वीडियो के वायरल होने के बाद इंटरनेट पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं आ रही हैं। ज्यादातर भारतीयों ने ही उन पर्यटकों को फटकार लगाई है और कहा है कि ऐसे व्यवहार से देश की छवि खराब होती है। वहीं, कुछ लोगों का कहना है कि माफी मांगने के बाद भी पूरे भारत देश को निशाना बनाना गलत है। हालांकि, इस घटना ने यह साफ कर दिया है कि स्वच्छता के प्रति लापरवाही अब महंगी पड़ सकती है, चाहे आप अपने देश में हों या विदेश में।